0 ग्राम सचिव व लेखपाल को कभी नहीं देखा ग्रामीणों ने
0 बोले मंडलायुक्त, कर्मचारी नहीं सुधरे तो होगी कड़ी कार्यवाही
konch1 konch2कोंच-उरई। झांसी मंडल के कमिश्नर के राममोहन राव को आज निरीक्षण के दौरान ग्राम तीतरा खलीलपुर में तमाम खामियां मिलीं जिन्हें लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। ग्रामीणों ने जहां बिजली पानी को लेकर समस्यायें गिनाईं जिस पर आयुक्त ने कल तक समस्यायें दूर कर लेने की कड़ी हिदायत दी, वहीं लेखपाल और ग्राम सचिव के गांव में नहीं आने की ग्रामीणों की शिकायत पर कमिश्नर ने उन्हें सुधरने की चेतावनी दी। इसके इतर शिक्षा व्यवस्था से ग्रामीण संतुष्ट दिखे।
नदीगांव विकास खंड के ग्राम तीतरा खलीलपुर में आज झांसी मंडलायुक्त के राममोहन राव के दौरे को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी खासे हलकान रहे। गांव पहुंचे कमिश्नर ने एक एक कर विभागों को तलब किया और ग्रामीणों से उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं के बाबत संवाद बनाया तो उन्हें खामियां ही खामियां बतलाईं गईं। पानी और बिजली की समस्यायें भी सामने आईं, बताया गया कि गांव में पच्चीस हैंडपंप में एक खराब है जिसे कल तक ठीक कराने के निर्देश उन्होंने दिये। बिजली की उपलब्धता विभागीय अधिकारियों द्वारा तेरह से चैदह घंटे बताई गई लेकिन ग्रामीणों ने उनकी बात का खंडन कर दिया जिस पर कमिश्नर ने एसडीओ कौशलेन्द्र सिंह को लंबा करते हुये व्यवस्था ठीक कराने के निर्देश दिये। ग्रामीणों ने मनरेगा का काम बंद होने की शिकायत की, बताया गया कि 18 जुलाई से पैसा नहीं आया है जिस पर आयुक्त ने कहा कि यदि दस दिन में पैसा न आये तो उन्हें फोन पर बतायें। ग्राम सचिव और लेखपाल को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें कभी देखा ही नहीं, तो आयुक्त ने सुधर जाने की चेतावनी दे डाली। मौके पर मौजूद लेखपाल अमरसिंह ने बताया कि उसका ऑपरेशन हुआ है और उसका अटैचमेंट किया गया है।
गांव की गलियों में पसरे अतिक्रमण, तालाबों और चकरोडों पर अबैध कब्जे को लेकर कमिश्नर ने एसडीएम और कोतवाल को निर्देश दिये कि दस दिन के अंदर सारे अतिक्रमण हट जाने चाहिये और जो न हटायें उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा कर जेल भेजें। शिवमकुमार नामक ग्रामीण ने बताया कि गांव के कोटेदार आशाराम जाटव के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज है लिहाजा उसके पास कोटा नहीं रहना चाहिये, कमिश्नर ने एसडीएम को मामले की जांच करने के निर्देश दिये। इसके अलावा गांव में निकल कर आई अन्य समस्याओं को लेकर उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को पंद्रह दिनों में निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिये। आंगनबाड़ी और शिक्षा व्यवस्था के अलावा रोजगार सेवक के काम से ग्रामीणों ने संतुष्टि जताई। डीएम संदीप कौर ने प क 11 और विरासत को लेकर लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों को कड़े निर्देश दिये, कहा कि इन कामों में हीलाहवाली कतई नहीं बर्दाश्त की जायेगी। इस दौरान एसडीएम गोरेलाल शुक्ला, डीडीओ आरएस गौतम, सीएमओ डॉ. एसके शुक्ला, पशु चिकित्साधिकारी एसके शाक्य, एक्सईएन हाईडिल रमेश चंद्रा, तहसीलदार भूपालसिंह, बीडीओ नदीगांव अजितेश सिंह, एसडीओ विद्युत कौशलेन्द्रसिंह, कोतवाल मनवीर सिंह, प्रधान महेन्द्र यादव आदि मौजूद रहे।
इंसेट में-
पोलियोग्रस्त बच्चों का होगा निःशुल्क ऑपरेशन
जिले में पोलियोग्रस्त बच्चों का चिन्हीकरण कराया जा रहा है ताकि उनका ऑपरेशन कराया जा सके। झांसी मंडलायुक्त के राममोहन राव ने आज ग्राम तीतरा में बताया कि सभी उपजिलाधिकारियों को इस काम पर लगाया गया है कि जिन बच्चों में पोलियो की शिकायत है उनका पंजीकरण करें ताकि उनका ऑपरेशन मुफ्त में सरकार के खर्चे पर कराया जा सके। उन्होंने बताया कि 10 से 17 जनवरी तक झांसी में उनके निरूशुल्क ऑपरेशन किये जायेंगे। ऐसे बच्चों के बारे में डीडीओ, एसडीएम व समाज कल्याण अधिकारी के पास सूचनायें दर्ज कराई जा सकती हैं।

Leave a comment