21orai03उरई। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की जिला शाखा ने शिक्षकों की पदोन्नति में विभाग के अवहेलनात्मक रवैये से क्षुब्ध होकर आंदोलन की चेतावनी दी है। महासंघ ने कहा है कि अगर एक सप्ताह के अंदर पदोन्नति की प्रक्रिया को अंजाम न दिया गया तो शिक्षकों को व्यापक आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
नगर संसाधन केंद्र के सभागार में जिला प्रभारी अरविंद नगायच की अध्यक्षता में हुई महासंघ की जिला शाखा की बैठक का संचालन कार्यवाहक जिला महामंत्री अरुण पांचाल ने किया। इस दौरान शिक्षकों ने कई अन्य समस्यायें भी रखी। महेवा ब्लाॅक के बिनौरा वैद्य स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक तनवीर अहमद ने बताया कि उनके विद्यालय का भवन जीर्णशीर्ण हालत में है जो धराशाई हो गया तो बड़ी अनहोनी हो सकती है। संघर्ष समिति के अध्यक्ष इलियास मंसूरी ने शिक्षकों की आधी-अधूरी सर्विस बुक को लेकर कहा कि शिक्षकों के इस मामले में रोष को देखते हुए बीएसए से वार्ता कर दोषी लिपिक को दंडित कराया जायेगा। ब्लाॅक डकोर शाखा के मंत्री संतोष कुमार विश्वकर्मा ने लैकूपुर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बारे में बताया कि इसमें शत प्रतिशत महिला शिक्षिकाएं तैनात हैं। लेकिन फिर भी शौचालय की व्यवस्था नही है।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने बताया कि गत् वर्षों की भांति इस वर्ष भी महासंघ परिषदीय शिक्षकों को सम्मानित करने की रूपरेखा तैयार कर चुकी है। जिसके लिए बेसिक शिक्षा मंत्री को बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसे देखते हुए अगर जरूरत पड़ी तो सम्मान समारोह शिक्षक दिवस के बाद किसी और दिन भी कराया जा सकता। जिला कार्य समिति के सदस्य श्यामजी गुप्ता, नगर अध्यक्ष मजरूल हसन ने भी विचार प्रकट किये। बैठक के अंत में माधौगढ़ ब्लाॅक इकाई के अध्यक्ष अशोक सिंह राजावत सुल्तानपुरा की 100 वर्षीया दादी मुन्नी देवी के निधन पर शोक प्रकट कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अशोक तिवारी, नृपेंद्र देव सिंह, संतोष कुमार विश्वकर्मा, बृजेश श्रीवास्तव, तनवीर अहमद, नीतेश शर्मा, विकास गुप्ता, रमाकांत त्रिपाठी, नजर मोहम्मद, संतोष पुरवार, नरेंद्र सिंह यादव, मो. शुएब अंसारी, मनोज गुप्ता, श्यामजी गुप्ता, अरविंद स्वर्णकार आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a comment