0 कुछ व्यवस्थायें अपने हाथों में लेगी धर्मादा रक्षिणी सभा
konch6कोंच-उरई। देश विख्यात कोंच की साढे सोलह दशक पुरानी रामलीला को इस साल संपन्न कराने के लिये जरूरी रामलीला कमेटी का चुनाव आगामी 27 अगस्त को गल्ला मंडी में आम सभा की बैठक में शंकरजी के मंदिर पर संपन्न होंगे। यह फैसला आज संपन्न हुई श्री धर्मादा रक्षिणी सभा की बैठक में लिया गया। अबकी दफा धर्मादा ने कुछ व्यवस्थायें अपने हाथों में लेने के संकेत दिये हैं ताकि रामलीला समिति अपनी मनमानी न कर सके। 26 अगस्त तक मांगे गये आवेदन बयालीस सौ रुपये की धरोहर राशि के साथ सभा के कोषाध्यक्ष के पास जमा कराने होंगे।
देश विख्यात कोंच की साढे सोलह दशक पुरानी अनुष्ठानी और पारंपरिक रामलीला आगामी 26 सितंबर से प्रारंभ होने जा रही है। रामलीला का संचालन करने वाली मातृ संस्था श्री धर्मादा रक्षिणी सभा की आवश्यक बैठक आज बल्दाऊ धर्मशाला में सभा के अध्यक्ष केशव बबेले की अध्यक्षता एवं मंत्री राकेश अग्रवाल के संचालन में संपन्न हुई। चर्चा के बाद तय हुआ कि रामलीला को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिये रामलीला समिति का चुनाव आगामी 27 अगस्त को गल्ला मंडी में गल्ला व्यापारियों की आम सभा के बीच होगा। चुनाव में अध्यक्ष और मंत्री का ही चुनाव होता है और दोनों पदों के लिये संयुक्त रूप से आवेदन देना पड़ता है लिहाजा प्रति पद इक्कीस सौ रुपये की धरोहर राशि अर्थात् एक जोड़े को बयालीस सौ रुपये की जमानत राशि के साथ 26 अगस्त तक सभा के कोषाध्यक्ष राममोहन गुप्ता के पास आवेदन करना होगा। चुनाव लॉटरी सिस्टम से कराये जाने की परंपरा है। रामलीला कमेटी को हालांकि अभी तक रामलीला की व्यवस्थायें अपने ढंग से देखने की आजादी रहती आई है लेकिन आज की बैठक की खास बात यह रही कि रामलीला में पिछले बर्षों में देखने में आईं कतिपय खामियों की बजह से अबकी दफा धर्मादा ने कुछ व्यवस्थाओं में अपना दखल रखने का भी अहम् फैसला लिया है। सभा ने अपने कुछ और भी प्रस्ताव बैठक में पारित किये हैं। इस दौरान संतोष गिरवासिया, ओमशंकर अग्रवाल, जय मुखिया, राममोहन गुप्ता, दिलीप अग्रवाल, अनिल पटैरया, रमेश तिवारी, ज्ञानेन्द्र सेठ, संजय अग्रवाल, चंद्रशेखर लोहिया आदि मौजूद रहे।

Leave a comment