cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngकालपी-उरई। सोमवार को दिनदहाड़े पति के साथ जा रही एक युवती पुल पर से यमुना में जा गिरी जिससे खलबली मच गई। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बाढ़ से उफन रही नदी में युवती को खोजने के लिए गोताखोर उतारे लेकिन न तो युवती का पता चला और न ही उसका शव मिला। उधर घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि युवती ने खुद नदी में छलांग लगाई जबकि युवती के मायके वाले पति पर दहेज के लालच में उसे नदी में धकेल देने का आरोप लगा रहे हैं।
कानपुर महानगर के चकेरी थानातंर्गत कोयला नगर मोहल्ला निवासी रमेश कुमार अहिरवार अपनी पत्नी पूजा (22वर्ष) को उसके उरई में मायके से लेकर बाइक से कानपुर लौट रहा था। पूजा की गोद में उसका 18 महीने का दुधमुहां बच्चा भी था। कालपी में यमुना पुल पर पूजा को न जाने क्या सूझी वह बाइक धीमी होते ही उस पर से उतर पड़ी और बच्चे को पुल पर ही छोड़कर उसने यमुना में छलांग लगा दी। उधर रमेश पत्नी के बाइक से अचानक उतर पड़ने के कारण गाड़ी खड़ी करने लगा तभी उसे नदी में छलांग लगाते देखकर वह हक्का-बक्का रह गया।
बाद में रमेश ने ही कोतवाली पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक आनन-फानन में पुल पर पहुंच गये उन्होंने गोताखोरों को बुलवाकर पूजा को नदी में खोजने की कोशिश की लेकिन प्रयास नाकामयाब रहे। सीओ कालपी भी मौके पर पहुंच गये थे।
पता यह चला है कि ससुराल में हुए किसी विवाद के कारण पूजा अपना कुछ जेवर मायके में आकर रख गई थी। आज इसी जेवर को साथ लेकर वह पति के साथ जा रही थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह नदी में किसी भी तरह गिरी हो लेकिन उसके गिरने की मुख्य वजह दाम्पत्य कलह है। पुलिस ने कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है जिसके बाद ही वास्तविकता पता चल पायेगी।

Leave a comment