23orai05उरई। नामांकन के समय बघौरा रोड वाले गेट पर भाजपा के जुलूस को रोक लिया गया। प्रशासन ने भाजपा प्रत्याशी के साथ केवल पांच लोगों को प्रवेश करने की इजाजत दी। जिससे नाराज होकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा के नामांकन जुलूस में खासी भीड़ जुटी थी। जिसके चलते भाजपाइयों का मनोबल आज काफी बुलंद रहा। जिला मजिस्ट्रेट अदालत के बघौरा गेट पर पुलिस ने जुलूस को भीतर घुसने से रोक दिया। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्याशी को केवल प्रस्तावक समर्थक और वकील के साथ जाने की इजाजत है। पांच से ज्यादा लोगों को भीतर प्रवेश नही दिया जायेगा। भाजपाई इससे भड़क गये। अधिकारियों के साथ उनकी तीखीं नोकझोंक हो गई। इसके बाद जुलूस में शामिल नेता और कार्यकर्ता जोश में आ गये और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी।
भाजपा नेताओं का कहना था कि सपा प्रत्याशी के साथ लगभग पचास लोग जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में मौजूद थे, फिर उनके प्रत्याशी को केवल पांच लोगों के साथ ही जाने देने का फरमान क्यों सुनाया जा रहा है। यह दूसरी बात है कि सांसद भानुप्रताप वर्मा के सरकारी कार्यालय से नामांकन जुलूस की शुरूआत करके भाजपा ने भी आचार संहिता की लक्ष्मण रेखा लांघने में संकोच नही किया था। भाजपा नेताओं की नारेबाजी से प्रशासन परेशान दिखा। लेकिन बात न बढ़ने देने को ध्यान में रखकर बल प्रयोग की कोई कोशिश नही की गई।
बाद में सांसद भानु वर्मा, उर्विजा दीक्षित और पूजा सेंगर को भी नामांकन कर रहीं अर्चना गौतम के पास चले जाने दिया गया।

Leave a comment