0 ब्यौना का कोटेदार हड़प रहा है गरीबों के हिस्से का राशन
konch3कोंच-उरई। ग्राम प्रधान और कोटेदार अब उचित दर की दुकानें अपनी मन मर्जी से चला कर सरकारी योजनाओं में पलीता लगाने में लगे हैं जिसका सीधा असर सरकार की छवि पर पड़ रहा है। यहां सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि अधिकारियों के यहां कई मर्तबा की शिकायत के बाद भी हालात जस के तस हैं और गरीब न्याय पाने के लिये भटक रहा है। कोटेदारों और ग्राम प्रधानों की मिली भगत से इनके पात्र ही बदले जाने की लगातार शिकायतें मिलने का क्रम बना हुआ है। नदीगांव विकास खंड के ग्राम ब्यौना राजा के दर्जनों ग्रामीणों ने आज एसडीएम गोरेलाल शुक्ला के यहां जाकर शिकायत की है कि गांव का कोटेदार राशन सामग्री नहीं दे रहा है।
ग्राम ब्यौना राजा निवासी योगेन्द्र वीर, ब्रजविहारी, सुनीतादेवी, शरीफखां, रामहरि, रवीन्द्रपाल, रमेश, जसराम दोहरे, सुंदरसिंह, रवीन्द्र, जमनादेवी, ललितादेवी, हसनखां, कमलादेवी, बुद्धसिंह, दयालसिंह, अरविंद, रामअवतार, किशोरी, दीनदयाल, रामसिंह, उमादेवी, हरीमोहन, लायकसिंह आदि ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कहा है कि ग्राम ब्यौना राजा की उचित दर बिक्री की दुकान ग्राम कैलिया में गजराज झा के यहां संबद्ध चल रही है। उक्त कोटेदार उन्हें राशन सामग्री नहीं वितरित कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार उनसे कहता है कि जब तक ग्राम प्रधान नहीं कहेगा, वह उन्हें राशन नहीं देगा। आरोप है कि प्रधान और कोटेदार ने आपूर्ति विभाग की लिस्ट के इतर अपनी खुद की लिस्ट बना रखी है और अपने चहेतों को ही वह राशन सामग्री उपलब्ध कराता है। कोटेदार चीनी भी निर्धारित दर के बजाये तीस रुपये प्रति किग्रा के हिसाब से दबंगई से दे रहा है और घटतौली अलग करता है। एसडीएम ने तहसीलदार, बीडीओ और आपूर्ति निरीक्षक की तीन सदस्यीय कमेटी जांच के लिये गठित की है।

Leave a comment