उरई। अवैध खनन के मामले में सीबीआई जांच के आदेश के बाद चेहरा बचाने के लिए सरकार सक्रिय हो गई है। उस पर तुर्रा यह है कि लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव इस समय राज्य सरकार के लौह पुरुष के रूप में अपनी छवि तराशने के लिए बेताब हैं। इस कवायद के बीच जिला प्रशासन ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति जारी की। जिसमें खासतौर पर उल्लेख किया गया है कि लोकनिर्माण मंत्री के निर्देश पर ओवर लोडिंग के खिलाफ दो दिन का विशेष अभियान घोषित कर दिया गया है। इसमें सभी संबंधित विभागों का लाव-लश्कर जुटाया जायेगा जिसके लिए तहसील स्तर पर टीमे गठित की गई हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार टीम में तहसील उरई के लिए एसडीएम सदर, सीओ सिटी, खनिज अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन प्रथम और लोकनिर्माण विभाग खंड तीन के सहायक अभियंता प्रमोद कुमार को शामिल किया गया है। तहसील कालपी के लिए एसडीएम कालपी, सीओ कालपी, खनिज विभाग के सर्वेयर, सहायक संभागीय अधिकारी प्रवर्तन द्वितीय और निर्माण खंड तृतीय के सहायक अभियंता आरके त्रिपाठी की टीम बनाई गई है। तहसील जालौन के लिए बनाई गई टीम में एसडीएम जालौन, सीओ जालौन, खनिज लिपिक रमाकांत मिश्र, सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय के यात्रीकर अधिकारी और लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता दीनदयाल यादव को शामिल किया गया है। तहसील कोंच की टीम में कोंच की एसडीएम और सीओ, खनिज लिपिक दीपक और प्रांतीय खंड लोकनिर्माण विभाग के सहायक अभियंता बीएल गौतम को शामिल किया गया है। तहसील माधौगढ़ की टीम में एसडीएम माधौगढ़, सीओ माधौगढ़, खनिज कार्यालय के बाबू विनोद कुमार और लोक निर्माण विभाग खंड-1 के अधिशाषी अभियंता द्वारा नामित सहायक अभियंता शामिल रहेंगे। इनके अलावा अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद के साथ जिले भर में आकस्मिक निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण की दैनिक रिपोर्ट परिवहन आयुक्त को भेजी जायेगी। अभियान में उदगम स्थल से ही ओवर लोडिंग न होने देने की व्यवस्था का प्रयास होगा।







Leave a comment