उरई। हरियाणा में पानी छोड़े जाने की वजह से जिले में यमुना बुरी तरह उफना गई है। महेबा और कुठौंद ब्लाॅक के दर्जनों गांव में इसके चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। महेबा में हालत इतनी खराब है कि घरों के अंदर तक पानी घुस गया है। जबकि कई गांव चारों ओर पानी भरा होने से टापू में तब्दील हो गये हैं।
अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार ने नवीनतम जानकारी में बताया कि बुधवार को शाम 4 बजे यमुना का जल स्तर 108.77 मीटर और बेतवा का जल स्तर 114.24 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि उन्होंने कहा कि दोनों ही नदियों का जल उतर रहा है। बाढ़ से सबसे प्रभावित गांवों में पड़री, पिपरौंधा, सिम्हारा कासिमपुर, पाल सरैनी, जीतामऊ, रायपुर मड़ैया, खड़गुई, लोहई, बिजुआपुर, देवकली, गुढ़ा खास, शेखपुर गुढ़ा निवहना, महेबा, गोरा कला, सिकरी रहमानपुर, हथनौरा, टिकौली, गढ़गुवां, टिकरी, शंकरपुर, बिजुआपुर दिवारा शामिल हैं। पड़री और पिपरौंधा आने-जाने के सभी रास्ते रपटा के ऊपर से चलने की वजह से अवरुद्ध हो गये हैं। बाढ़ के कारण लोग परेशान होने के साथ-साथ दहशत में भी हैं।






Leave a comment