उरई। 48 हजार शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति के प्रदेश सरकार के फैसले से बीपीएड बेरोजगार खुशी से झूम उठे हैं। बुधवार को वेदिका गेस्ट हाउस में उन्होंने इस फैसले पर मुख्यमंत्री का आभार जताने के लिए प्रेस कांफ्रेस की। बीपीएड बेरोजगार संघ के संरक्षक पवन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कदम बेहद सराहनीय है। इससे नई पीढ़ी के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश के बच्चों द्वारा देश का बुलंद परचम लहराने का रास्ता भी खुलेगा।
पवन शर्मा ने कहा कि शारीरिक शिक्षकों के अभाव में शिक्षा का पूर्ण उददेश्य विफल हो गया था। अधूरी शिक्षा का ही नतीजा था कि बेहतर शारीरिक विकास न होने से बच्चों के बौद्धिक विकास पर भी असर पड़ रहा था। साथ ही खिलाड़ियों की नई पौध तैयार न हो पाने से ओलंपिक में भारत को लगातार नीचा देखना पड़ रहा था। उन्होंने विश्वास प्रकट किया कि शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति के बाद बुनियादी स्तर से ही नई पीढ़ी का खेलों के लिए मजबूत प्रशिक्षण शुरू हो जायेगा। जिसका नतीजा अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत की चमक कौंधने के रूप में उजागर हो सकता है। महेश द्विवेदी, डाॅ. लोकेंद्र सिंह गर्जुर, सौरभ द्विवेदी, अनुज यादव, अनिरुद्ध द्विवेदी उपस्थित रहे।






Leave a comment