जालौन-उरई। ग्राम औरेखी में प्राथमिक विद्यालय के पास बनी पानी की टंकी जर्जर होने से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने बताया कि इस टंकी से गांव में पानी की सप्लाई कभी नहीं की जाती है जिससे यह टंकी सफेद हाथी बनी हुई है।
तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम औरेखी निवासी चंद्रभान कुशवाहा, परमात्मा गुप्ता, बलवीर प्रजापति, अनिल प्रजापति, मुन्ना वर्मा, माता प्रसाद, बैकुुंठ मिश्रा आदि ने बताया कि गांव में प्राथमिक स्कूल के पास बनी पानी की टंकी पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। जो दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है। यह पानी की टंकी कभी भी ढह सकती है। जिससे स्कूल में पढ़ने वाले नौनिहालों को हमेशा जान का खतरा बना रहता है। इतना ही नहीं इस टंकी से गांव में पानी की सप्लाई भी नहीं होती है। जिसके चलते यह टंकी सफेद हाथी बनी हुई है। इसकी सूचना कई बार उचाधिकारियों को दी जा चुकी है। लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। जिसके चलते बच्चों के अभिभावकों सहित ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश पनप रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी संदीप कौर से मांग की है कि जल्द ही उक्त जर्जर टंकी को गिरवा दिया जाए। ताकि स्कूल जाने वाले नौनिहालों को कोई खतरा न रहे।






Leave a comment