जालौन-उरई। जनता दल की महिला मोर्चा इकाई द्वारा शराब मुक्ति को लेकर एक गोष्ठी का आयोजन किया। तो वहीं, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष ने शराब मुक्ति को लेकर शीघ्र ही एक अभियान चलाए जाने की भी बात कही।
समाज में व्याप्त शराब जैसी घातक बुराई को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए जनता दल की महिला मोर्चा इकाई द्वारा जनता दल नगर अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू के आवास पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित जनता दल महिला इकाई की जिलाध्यक्ष अरूणा पटेल ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि शराब समाज में एक घातक बीमारी की तरह है। शराब का आदी व्यक्ति सिर्फ स्वयं को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को ही तबाह कर डालता है। इतना ही नहीं शराबी व्यक्ति की समाज में भी कोई इज्ज्त नहीं रहती है। शराब के नशे का आदी व्यक्ति समाज में अपराधों को भी बढ़ावा देता है। ऐसा व्यक्ति कुछ भी कर सकता है। शराब के नशे में न तो उसे अपने परिवार की ही चिंता रहती है और न ही अपनी इज्जत की। इसलिए समाज में शराब के सेवन व बिक्री पर अनिवार्य रूप से पाबंदी लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह शीघ्र ही शराब मुक्ति को लेकर एक अभियान की शुरूआत करेंगी। इस मौके पर लक्ष्मी जाटव, केशकली वर्मा, प्रमादेवी साहू, रामूर्ति साहू, गायत्री देवी, मयूरी पटेल, जनता दल नगर अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू, रामलाल प्रजापति, आनंद निरंजन, रामपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।






Leave a comment