उरई। अपना दल की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पिछड़े वर्ग के हितों के मामले में विभीषण साबित करने की ठान ली है। उन्होंने पिछड़ों का 27 प्रतिशत कोटा पूरा न होने को लेकर नरेंद्र मोदी और अखिलेश सरकार को बेनकाब करने के लिए मोटर साइकिल यात्रा निकालने का बिगुल बजा दिया। इस यात्रा को उन्होंने युवा स्वाभिमान मोटर साइकिल यात्रा नाम दिया है।
अनुप्रिया पटेल को कंेद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल कर अपना दल के भाजपा में विलय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई मशक्कत पर पानी फेरने के लिए अनुप्रिया की बहन पल्लवी मैदान में उतर आईं हैं। उन्होंने अपना दल लाओ आरक्षण बचाओ नारे के साथ निकाली जा रही युवा स्वाभिमान मोटर साइकिल यात्रा का आज यहां आकर शुभारंभ किया। पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल का भाजपा में कोई विलय नही हुआ है। उन्होंने कहा कि अनुप्रिया पटेल को पार्टी विरोधी कारगुजारी की वजह से राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल पहले ही पार्टी से निकाली जा चुकी हैं। जहां तक अनुप्रिया पटेल से अपना दल को नुकसान का प्रश्न है पार्टी के गठन के समय से ही कई महत्वाकांक्षी लोग पार्टी की पीठ में छुरा भोंकने के लिए आते-जाते रहे हैं लेकिन अपना दल का वजूद न मिटा है और न मिटेगा।
उन्होंने कहा कि मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू हुए लगभग ढाई दशक का समय हुआ जा रहा है लेकिन आज तक न तो कंेंद्र सरकार और न ही प्रदेश सरकार की नौकरियों में पिछड़ी जातियों को 27 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिल पाया है। इस नाइंसाफी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हो या फिर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विभीषण की भूमिका संभाले होने की वजह से चुप्पी साधे हैं। अपना दल ने अब पिछड़े वर्ग के आरक्षण को पूरा कराने के लिए मैदान में उतरने का फैसला किया है। पल्लवी पटेल के साथ अपना दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और प्रवक्ता आरबी सिंह पटेल, प्रदेश महासचिव शकील आरफी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार पटेल, अमर सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष गौरव पटेल, महासचिव सोनेलाल पटेल, सुनील परिहार, नरेंद्र सिंह पटेल बस्ती, मंडल अध्यक्ष संतोष पटेल भी उपस्थित थे। पल्लवी पटेल बाद में पार्टी के वरिष्ठ युवा नेता विवके पटेल अमीटा के घर पहुंची जहां उन्होंने पटेल समाज के कई प्रतिष्ठित लोगों से विचार विमर्श किया।






Leave a comment