28orai02उरई। ना-ना करके प्यार तुम्हीं से कर बैठे की तर्ज पर भाजपा नेताओं ने आखिर रविवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान के एक दिन पहले अपनी उम्मीदवार अर्चना गौतम को बैक करके निर्दल प्रत्याशी सुमन निरंजन के समर्थन में वोट डालने की घोषणा कर ही डाली।
भाजपा के दिवंगत नेता बाबूराम दादा की जगह भरने का सांसद भानु प्रताप वर्मा द्वारा भरा गया दम युद्ध शुरू होने के पहले ही फुस्स हो गया। भानु वर्मा ने पार्टी के चार सदस्यों के दम पर अनुसूचित जाति की जिला पंचायत सदस्य अर्चना गौतम को बलि का बकरा बनाते हुए अध्यक्ष का चुनाव जीतने के लिए आस्तीनें चढ़ाई थी लेकिन प्रभावहीन नेतृत्व की वजह से भाजपा किसी भी दूसरे खेमे के एक सदस्य को जब अपने पाले में न खींच सकी तो उसे सरंडर के लिए मजबूर होना पड़ा। इस बीच सुमन निरंजन के लोग लगातार भाजपा नेताओं के संपर्क में थे। शुक्रवार को देर रात सुमन निरंजन के पति देवेंद्र निरंजन कई भाजपा मठाधीशों के घर पूजा अर्चन की पूरी व्यवस्था करके पहुंचे थे जिसके बाद आम के आम और गुठलियों के दाम का सुनहरा मौका भुनाने के लिए भाजपा नेता सहर्ष तैयार हो गये। हालांकि इंद्रजीत यादव और घनश्याम अनुरागी ने पहले पत्रकार वार्ता में यह कहकर भाजपा मठाधीशों की घेराबंदी कर दी थी कि वे अपने प्रत्याशी के नाम पर नाटक कर रहे हैं जबकि निर्दल प्रत्याशी के साथ उनकी सौदेबाजी चल रही है। इसके चलते भाजपा नेता देवेंद्र निरंजन से कृतार्थ हो जाने के बावजूद एक बार इसलिए ठिठके थे कि पैतरा बदलने पर उनकी लोगों में बड़ी बदनामी होगी लेकिन बाद में उन्होंने साहस दिखाने का फैसला कर ही लिया।
श्रीहरि होटल में रविवार को सुबह सांसद भानुप्रताप वर्मा ने पत्रकार वार्ता में एलान कर दिया कि अर्चना गौतम का पर्चा दाखिल कराया जाना और वापसी के दिन उनका पर्चा विड्रो न होना उनकी रणनीति का हिस्सा था। भानुवर्मा ने कहा कि पार्टी स्थानीय स्तर की परिस्थितियों को देखते हुए सपा को नीचा दिखाने के लिए सुमन निरंजन का समर्थन करने का फैसला ले चुकी है। मजे की बात यह है कि पत्रकार वार्ता में भानुवर्मा और भाजपा के तमाम पदाधिक8ारी तो थे लेकिन इस एलान को प्रमाणिक बनाने के लिए न तो भाजपा की प्रत्याशी अर्चना गौतम पत्रकार वार्ता में आईं और न ही अन्य जिला पंचायत सदस्य जबकि निर्दल प्रत्याशी सुमन के पति देवंेद्र निरंजन भानुवर्मा के साथ बैठे थे। यह स्थिति चर्चा का विषय रही। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह गुर्जर, अनिल बहुगुणा, भगवान दास त्रिपाठी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश तिवारी और संजय त्रिपाठी मौजूद रहे।

Leave a comment