konch1 konch 2कोंच-उरई। अपना दल लाओ, आरक्षण बचाओ के नारे के साथ युवा स्वाभिमान मोटर साइकिल यात्रा पर निकली अपना दल की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने अपने कोंच पड़ाव में कहा कि केन्द्र की मोदी और सूबे की अखिलेश सरकार सामाजिक न्याय का गला घोंटने में लगी हैं। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान इस देश में किसानों की दुर्दशा और समाज के वंचित वर्ग को विकास की मुख्य धारा से विलग करने के षड्यंत्र सरकारी तौर पर चलाये जा रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि आरक्षण को लागू कर समतामूलक समाज की स्थापना के लिये अपना दल के हाथों में सत्ता देनी होगी।
यहां नहर निरीक्षण भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपना दल उपाध्यक्ष पल्लवी ने जिस बेबाक लहजे में बात की उसमें उनके स्वर्गीय पिता डॉ. सोनेलाल पटेल की झलक साफ दिखाई दी। उन्होंने पिता के अंदाज में कहा कि शाहूजी महाराज ने सामाजिक न्याय के लिये जो आरक्षण व्यवस्था अपने शासन में 26 जुलाई 1902 में लागू की थी, आजादी के बाद शासक वर्ग ने कमेरा समाज के साथ न्याय नहीं करते हुये उसे उसके अधिकारों से वंचित रखा। शासक वर्ग ने कमेरा समाज के साथ धोखा किया और इन धोखेबाजों से निपटने के लिये अपना दल के युवा कार्यकर्ता अपने छोटे और सीमित साधनों के माध्यम से समाज को जगाने निकल पड़े हैं। उन्होंने केन्द्र और प्रदेश सरकारों पर आरोप जड़ा कि ये सरकारें आरक्षण की गलत ढंग से समीक्षा कर रही हैं, प्रदेश सरकार त्रिस्तरीय आरक्षण से पल्ला झाड़ रही है और आरक्षण की समीक्षा के नाम पर केन्द्र सरकार पिछड़ों और दलितों का हक मार रही है, लेकिन अब लड़ाई आर पार की होगी। इस दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आरबी सिंह पटेल, प्रदेश महासचिव शकील, राजकुमार पटेल, अमरसिंह पटेल, जिलाध्यक्ष गौरव पटेल, महासचिव सोनेलाल पटेल, सुनील परैथा, नरेन्द्रसिंह बस्ती, संतोष पटेल सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

Leave a comment