0 औंधे मुंह नलकूप कोठी के बाहर कीचड़ में मिली लाश
कोंच-उरई। आज अलस्सुबह नगर के घुसिया रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में बने नलकूप की कोठी के बाहर अधेड़ की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। संदिग्ध परिस्थितियों में औंधे मुंह कीचड़ में मिली इस लाश को लेकर वहां तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि मृतक के पास कांशीराम कॉलोनी में अपना घर है लेकिन वह उक्त नलकूप में प्राइवेट तौर पर ऑपरेटर का काम करता था और वहीं नलकूप की कोठी में सोता था। बीती रात भी वह कोठी की छत पर सोया था लेकिन आज सुबह उसकी लाश नीचे मिली। पुलिस के मुताबिक मृतक शराब के नशे में था और रात में लघुशंका आदि के लिये उठा होगा लेकिन संतुलन कायम नहीं रख पाने के कारण नीचे आ गिरा और उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक कस्बे की कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक संख्या 18 के मकान संख्या 6 में सतोह गांव का मूल निवासी पप्पू धोबी पुत्र कढोरे धोबी अपने परिवार सहित रहता था। जन्माष्टमी का त्योहार करने उसकी पत्नी अपने मायके नागपुर गई हुई थी। पप्पू कॉलोनी की वाटर सप्लाई करने बाले नलकूप पर बतौर प्राइवेट ऑपरेटर काम करता था और रात में नलकूप की ही कोठी में सो जाता था। बीती रात भी रोज की तरह वह अंदर से कोठी की सांकल बंद करके छत पर लगे बिस्तरों पर जाकर सो गया। सुबह जब लोगों के घरों में पानी नहीं आया तो बाशिंदे नलकूप पर पहुंचे। वहां देखा कि पप्पू कोठी के पिछवाड़े औंधे मुंह कीचड़ में मरा पड़ा है। लोगों ने तत्काल वहीं स्थित चैकी पुलिस को सूचना दी। एसएसआई अजयकुमार सिंह, चैकी इंचार्ज संजीव यादव मौके पर पहुंचे और लाश का अच्छी तरह मुआयना करने के बाद ऊपर छत पर जाकर भी स्थिति समझी। बाद में जरूरी लिखापढी के बाद लाश पोस्टमॉर्टम के लिये भिजवा दी। मृतक की मां गुलाबरानी भी मौके पर पहुंच चुकी थी और वह जोर जोर से चिल्ला रही थी कि उसके बेटे की हत्या की गई है। उसने पंचायतनामा पर भी दस्तखत करने से मना कर दिया था जिससे पुलिस खुद को काफी परेशान हाल महसूस कर रही थी। इधर उधर के लोगों से पंचायतनामा पर हस्ताक्षर करा कर पुलिस ने वहां से बॉडी हटवाई। एफआईआर के लिये तहरीर भी घर के लोगों के बजाये नलकूप विभाग से जुड़े ब्रजमोहन कुशवाहा से ली गई। हत्या और आत्महत्या के बीच झूल रहे मामले को लेकर प्रथम दृष्ट्या पुलिस इसे अचानक हुआ हादसा मान रही है, कोतवाल मनवीर सिंह का कहना है कि लाश के शरीर पर किसी भी प्रकार के घाव आदि नहीं पाये गये हैं और अगर मामला कुछ और है भी तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।






Leave a comment