0 पहली बार कोंच का जिला पंचायत अध्यक्ष बनने से खुशी दोगुनी
0 कस्बे के अलावा ग्रामीण अंचलों में चल रही आतिशबाजी, खूब बटी रही मिठाई
कोंच-उरई। जिला पंचायत अध्यक्ष के आज निपटे उपचुनाव में सत्ताधारियों को बुरी तरह मुंह की खानी पड़ी और निर्दल सुमन निरंजन ने इतिहास रचते हुये बंपर जीत दर्ज कर राजनैतिक पंडितों के गणित उलट पुलट कर रख दिये। संभवतः पहली बार कोंच क्षेत्र का जिला पंचायत अध्यक्ष बनने से यहां के लोगों की खुशियां कई गुनी हैं। इस जीत को सेलीब्रेट करने का सिलसिला जबर्दस्त ढंग से चल निकला है, कस्बे के कई इलाकों में जमकर आतिशबाजी हो रही है और खूब मिठाइयां बांटी जा रहीं हैं। यही हाल कमोवेश देहात इलाकों का भी है, ऐसा कोई गांव नहीं है जहां खुशियां फूट कर सड़कों गलियों में न आ गईं हों। लोग राहगीरों को रोक रोक कर उनका मुंह मीठा करा रहे हैं।
विकास खंड कोंच के ग्राम विरगुवां बुजुर्ग निवासी देवेन्द्र निरंजन छुन्ना की पत्नी सुमन निरंजन ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर पूरी जोरदारी और बढिया इलेक्शन मैनेजमेंट की बदौलत अपनी एकमात्र प्रतिद्वंद्वी आसना खातून को भारी मतों के अंतर से हरा कर जहां सत्ताधीशों को औंधे मुंह पटखनी दी है, वहीं राजनैतिक गणनाकारों के सारे गणित को उलट पुलट कर ऐसा नया इतिहास रच डाला कि कोंच की बल्ले बल्ले हो गई। पहली बार कोंच का जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जाने की खुशी जहां इलाकाई लोगों को है वहीं इस बात की भी खुशी है सुमन के सजातीय ही नहीं गैर विरादरी और सभी दलों के लोगों ने इस जीत का स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि यह किसी दल की नहीं बल्कि सत्य की जीत हुई है। इस जीत को लेकर यहां मारकंडेयश्वर तिराहे, गल्ला मंडी, नया पटेल नगर, सैरा आदि क्षेत्रों में जमकर गोले दागे गये और मिठाइयां बांटी गईं। महेन्द्रसिंह, अनिलकुमार, मनोज सिमिरिया, छोटे, नीरज, मृदुल पटेल, संजय, दिनेश, विनोदकुमार, प्रमोद दिरावटी, उमेश भेंड़, विवेक पटेल, महेश, मोहित आदि मौजूद रहे। सुमन के गांव विरगुवां में जबर्दस्त जश्न का माहौल है और पूरा गांव ही खुशी में झूम रहा है। यहां बॉबी पनयारा, पप्पू धनौरा, आनंद वोहरा, देशराजसिंह जादौन, बंगाली पडरी, अरविंद पटेल, राहुल तलवाड़, अनिल खरे, दिलीप अग्रवाल ने जमकर सेलीब्रेट किया और राहगीरों को रोक रोक कर मुंह मीठा कराया। डॉ. केशव क्लीनिक पर भी मिठाइयां बांटी गईं और गोले दागे गये। राजीव पटेल पचीपुरा, दादा ठेकेदार, गुड्डन नगाइच, जहानसिंह यादव, मंगल चांदनी, देवेन्द्र झा, रामजी पटेल, रामखिलावन जाटव आदि मौजूद रहे। ग्राम सेता, परैथा, अंडा, सतोह, नरी, किसुनपुरा, छानी, पचीपुरा, गुरावती सहित तमाम गांवों से जश्न मनाने की खबरें मिल रहीं हैं।






Leave a comment