कुठौंद-उरई। क्षेत्र से जयपुर बालाजी गये श्रद्धालुओं को ट्रैवल एजेंसी और बस आॅपरेटर के स्टाॅफ ने मारपीट करते हुए लूट लिया। घटना में कई लोग घायल हो गये। जिनमें एक की आंख फूट गई है जबकि एक का पैर टूट गया है। मामले की रिपोर्ट राजस्थान के थाने में दर्ज करा दी गई है। खबर है कि पुलिस ने बाद में बस स्टाॅफ को हिरासत में ले लिया है।
बताया जाता है कि क्षेत्र के लोगों ने कुठौंद में जगदम्बा ट्रैवल्स के एजेंट को आने-जाने का अग्रिम किराया देकर बालाजी गये थे। जब वापस लौटने के लिए बालाजी में वे बस पर बैठने लगे तो जगदम्बा ट्रैवल्स का एजेंट बस आॅपरेटर के आदमियों को लेकर उनसे फिर पैसे मांगने आ गया। बहस होने पर आधा दर्जन लोगों ने सवारियों पर हमला बोल दिया। एक सवारी के दस हजार रुपये और एक अन्य सवारी की सोने की जंजीर छीन ली। इसके साथ ही उन्होंने लाठी-डंडा और टायर लीवर से सवारियों पर हमला बोला। हमले में लखन महाराज उरई की आंख फूट गई, बब्लू जालौन का पैर टूट गया, बृजमोहन रंधीरपुर गंभीर रूप से घायल हो गये। वंदना पत्नी अंकित और स्वयं अंकित निवासी रंधीरपुर, गुड़िया, हेमू, राजेश, विनय निवासी जालौन और सरिता यादव, छोटू आदि भी घायल हुए।
सवारियों द्वारा तहरीर दी जाने के बाद बालाजी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और हमलावर बस स्टाॅफ के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।






Leave a comment