उरई। दहेज के कारण ससुराल वालों ने विवाहिता को दो माह की बच्ची के साथ बुरी तरह पीटने के बाद घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने बुधवार को जब यह जानकारी गुलाबी गिरोह की कमांडर अंजू शर्मा के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसपी को दी तो एसपी ने जांच कर पीड़िता के अधिकारों की रक्षा करने का निर्देश कोतवाली पुलिस को दिया है।
पुलिस लाइन के पास बघौरा निवासी शाहना की शादी 4 वर्ष पहले जिला महोबा के पनवाड़ी कस्बे के निवासी अकरम के साथ हुई थी। शाहना के मायके वालों ने अकरम को मुंहमांगा दहेज दिया था। लेकिन लालची ससुराल वाले उससे कहने लगे कि अपने मायके वालों से दो लाख रुपये की व्यवस्था और कराओ। इसी बात पर पति के अलावा सास मुन्नी बेगम, जीजा राजू खान व पीड़िता की ननदें रुखसाना और मीना उत्पीड़न करने लगीं। कुछ दिनों पहले इन लोगों ने उसे बेरहमी से पीटा और दो माह की बच्ची सहित घर से निकाल दिया। इसके कारण वह मायके में शरण लेने को मजबूर है।
अंजू शर्मा ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि शाहना को उसे वापस घर में रखने के लिए उसके पति पर पुलिस दबाव बनाये। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा महिलाओं के अधिकारों का हनन रोकने की सर्वोपरि है जिसे देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाये। एसपी ने प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।






Leave a comment