उरई। 45 फीसदी कर चुकाकर अपने कालेधन को सफेद बनाने की सलाह देने आये कानपुर विभाग के आयकर अधिकारियों ने बुधवार को यहां के व्यापारियों व व्यवसायियों की जेटी में क्लास लगाई। यह देखने वाली बात होगी कि उनकी सलाह पर कितने व्यापारी अमल करेगें।
क्लास में प्रधान आयकर आयुक्त द्वितीय दुर्गादास हैडमास्टर की भूमिका में उपस्थित रहे। उपायुक्त रेंज-4 विजय रंजन सिन्हा ने व्यापारियों को आईडीएस के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस स्कीम से वे अपने छुपे हुए धन को वैध बना सकते हैं। छुपी हुई संपत्ति की घोषणा कर 45 प्रतिशत कर चुकाने के बाद वे आराम से खर्राटे भर कर सोयें। उनकी पूंजी किस काले चोर से उन्हें मिली यह कोई उनसे नही पूंछेगा। उन्होंने कहा कि यह छूट तीस सितंबर तक है। इसके बाद अगर किसी के पास अघोषित संपत्ति पाई गई तो उसकी खैर नही। प्रवचन देने वालों में आयकर अधिकारी पीडी साहू, केएम श्रीवास्तव और राजेश कुमार मुख्य रहे।
अच्छे बच्चों की तरह क्लास अटेंड करने वालों में डाॅ. दिलीप सेठ, सत्यपाल शर्मा सहित जिले के 100 व्यापारी मौजूद थे। हालांकि लखपति से कुछ ही वर्षों में अरबपति बनने वाले वेखौफ मौरंग माफियाओं ने इस क्लास की अनदेखी कर आयकर विभाग को जो चुनौती दी है उससे विभाग के बड़े अफसरों का खून खौला या संत की तरह उन्होंने इन लोगों के खिलवाड़ को नजर अंदाज कर दिया यह पता नही चल पाया है।






Leave a comment