उरई। जिला पंचायत चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी में मची उठापटक शांत होने का नाम नही ले रही। शनिवार को पार्टी हाईकमान ने अचानक पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी को छह वर्ष के लिए निष्कासित करने का फरमान सुना दिया। जिसके बाद जिले की राजनीति में भूचाल की स्थिति है। उधर अनुरागी के समर्थन में कई कददावर नेता रविवार को सैफई पहुंचे जहां उन्होंने लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव से भेंट कर अनुरागी के निष्कासन को वापस लेने की मांग की।
अनुरागी के निष्कासन के बाद उनके समर्थन और विरोध में लामबंदी तेज है। जहां समाजवादी पार्टी के ज्यादातर नेताओं ने पार्टी के इस फैसले पर मिठाइयां बांटकर खुशी मना रहे वहीं अनुरागी समर्थक इस निष्कासन को वापस कराने पर आमादा हो गये हैं। इनमें ज्यादातर मुसलिम समाज के नेता हैं। इसी क्रम में रविवार को दर्जनों गाड़ियों में सवार होकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सैफई जा पहुंचे। उनकी कामयाबी इस बात में मानी जा सकती है कि उन्होंने पार्टी के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह से मुलाकात का मौका हासिल कर लिया।
अनुरागी समर्थकों की टीम में कालपी के पूर्व विधायक डाॅ. अरुण मेहरोत्रा और अजहर बेग जैसे दिग्गज भी शामिल थे। शिवपाल सिंह यादव ने तसल्ली से उनकी बातों को सुना लेकिन अनुरागी के निष्कासन वापसी का कोई आश्वासन उन्होंने फिलहाल नही दिया है। इसके बाद अनुरागी विरोधी धड़ा भी हरकत में आ गया है। उसके द्वारा मुख्यमंत्री के दरबार में जाकर अनुरागी के निष्कासन से हुए फायदे को उन्हें गिनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
उधर अनुरागी के समर्थन में जा रहे लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष दिनेश जैसारी की स्कार्पियो चुर्खी जालौन रोड पर दुर्घटना ग्रस्त हो गई। इसमें अब्दुल कयूम, इस्लाम, जमील मंसूरी पूर्व जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ और वफाती पूर्व नगर उपाध्यक्ष सपा घायल हो गये। किसी को गंभीर चोटें नही हैं। घायलों को अस्पताल लाकर उनकी प्रारंभिक चिकित्सा कराई गई है।






Leave a comment