उरई। प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा राधा पैलेस में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि गुरू की कृपा से ही छात्र जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे स्वयं के परिवार में आधा दर्जन शिक्षक हैं। मुझे आज जो पद मिला है वह गुरुओं की ही शिक्षा और कृपा की देन हैं इसलिए गुरुओं का आदर सर्वोपरि किया जाना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह ने कहा कि योग्य शिक्षक ही जीवन की सही दिशा निर्धारित करता है। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी प्रदीप पाण्डेय ने शिक्षकों से अपने दायित्व का निष्ठा पूर्वक निर्वाह करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां तक शिक्षकों की समस्याओं का सवाल है वे अपने स्तर पर उनके निराकरण में हमेशा सहयोग देने के लिए बचनबद्ध हैं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नेता संजय सिंघाल ने किया। कार्यक्रम के आयोजक और प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ठाकुर दास यादव ने अंत में अतिथियों और शिक्षक साथियों का आभार जताया।






Leave a comment