उरई। बहुजन समाज पार्टी छोड़ते ही पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने भी मायावती के खिलाफ अन्य बागी नेताओं की तरह ही राग अलापा। उन्होंने कहा कि मायावती द्वारा पार्टी के टिकटों की नीलामी करने का स्वामी प्रसाद मौर्य का आरोप सही है।
खाबरी ने कहा कि उन्होंने भी बहनजी को उम्मीदवार बनवाने के बदले लोगों से कैश दिलवाया है। खाबरी ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी में कोई ऐसा नही है जो इस मामले में अपवाद हो।
खाबरी ने यह जताया कि बहुजन समाज पार्टी में उनकी आस्था मायावती की वजह से नही मान्यवर कांशीराम के कारण थी। छात्र राजनीति में वे कांशीराम के संपर्क में आ गये थे। उनके प्रेरित करने से ही वे सामाजिक बदलाव के मिशन को पूरा करने के लिए मुख्यधारा की राजनीति में जुड़े थे। उन्होंने मायावती पर कांशीराम के मिशन और विचारधारा से विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
मायावती के खिलाफ जबर्दस्त विषवमन करते हुए बृजलाल खाबरी ने कहा कि वे संवेदनहीन है। पार्टी के किसी नेता के साथ कितनी भी बड़ी घटना हो जाये उन्हें संवेदना के लिए फोन तक गंवारा नही होता। उन्होंने मायावती पर दलितों की आकांक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।







Leave a comment