0 नहीं चलेगा इंस्पेक्टर राज, किराना व्यापारियों की बैठक में गरजे सपाई
0 बोले सरनाम, व्यापारी निर्भय हो कर करें दुकानदारी, नहीं होने दिया जायेगा व्यापारियों का उत्पीडन
कोंच-उरई। इंस्पेक्टर राज से उत्पीड़ित किराना व्यापारियों ने इस समस्या से निपटने के लिये किराना संगठन की बागडोर सपा के बरिष्ठ नेता सरनाम सिंह यादव को सौंप दी है। तमाम सपा नेताओं ने कहा कि इंस्पेक्टर राज कतई नहीं चलने दिया जायेगा। खुद सरनाम ने भी कहा कि व्यापारी निर्भय होकर दुकानदारी करें, उनका उत्पीडन कतई नहीं होने दिया जायेगा। संचालन कर रहे विनोद गुप्ता को एसडीएम द्वारा बुलाई गयी बैठक में न पहुंच पाने का खासा मलाल सताता रहा, वे प्रशासन को बहुत कुछ बताना चाहते थे। इस दौरान यह बात भी निकल कर सामने आई कि त्योहारों पर सैंपलिंग नहीं होनी चाहिये।
किराना व्यापारियों की एक आपात बैठक स्थानीय बल्दाऊ धर्मशाला में आहूत की गयी जिसकी अध्यक्षता कमलेश गिरवासिया ने की तथा संचालन विनोद गुप्ता लोई वालों ने किया। बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ सपा नेता सरनामसिंह यादव, विशिष्ट अतिथि माधौगढ विस क्षेत्र से सपा प्रत्याशी लाखन सिंह कुशवाहा, सपा विधानसभा अध्यक्ष प्रतिपालसिंह गुर्जर रहे। मां सरस्वती के चित्र का पूजन अर्चन करके बैठक को गति प्रदान की गई, तत्पश्चात् किराना व्यापारी वेलफेयर एसोसियेशन के व्यापारियों की ओर से संरक्षक प्रमोद शुक्ला और विनोद गुप्ता लोई बालों ने विचार रखे जिनमें कहा गया कि फूड इंस्पेक्टर सहित पूरा स्थानीय प्रशासन व्यापारियों का उत्पीडन कर रहा है और मनमाने ढंग से सैंपलिंग करवायी जा रही है। पदाधिकारी द्वय ने कहा कि मिलावट वह लोग तो करते नहीं हैं बल्कि जहं से वह लोग आर्डर देकर सामान मंगवाते हैं वहां से क्या आ रहा है, उन्हें नहीं पता लेकिन मिलावटखोर किराना व्यापारी साबित होते हैं। सैंपलिंग त्योहारों पर ही करने पर भी व्यापारियों ने कड़ी आपत्ति जताई, कहा कि आम दिनों मेंक्यों नहीं नमूने भरे जाते हैं। व्यापारियों की बात सुनने के बाद सपा के माधौगढ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी लाखन सिंह कुशवाहा ने कहा यह केवल नौटंकी की जा रही है, पहले व्यापारियों में खौफ पैदा करो फिर हफ्ता बसूली करो का खेल शुरू करते हैं, लेकिन अब ऐसा कतई नहीं होने दिया जायेगा, जरूरत पड़ी तो मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लाया जायेगा। अपनी भड़ास निकाल लेने के बाद में किराना व्यापारियों को आशा की किरण बैठक के मुख्य अतिथि सरनाम सिंह यादव में यादव में नजर आई और ध्वनिमत से किराना व्यापारी वेलफेयर एसोसियेशन का अध्यक्ष घोषित कर दिया और कमेटी के संरक्षक प्रमोद शुक्ला व निवर्तमान अध्यक्ष कमलेश गिरवासिया ने नव नियुक्त अध्यक्ष को अंगवस्त्र ओढा कर सम्मानित किया और संगठन की बागडोर उन्हें सौंप दी। दायित्व मिलने के बाद सरनाम ने कहा कि बिना किसी डर भय के अपना व्यवसाय करें उनकी लड़ाई अब वह लड़ेगे। यहां से लेकर डीएम तक वह जायेंगे और अपनी बात के माध्यम से समस्या का समाधान निकलवायेंगे, सैंपलिंग होगी तो वैधानिक तरीके से होगी और शालीनता के साथ होगी, इंस्पेक्टर राज नहीं चलने दिया जायेगा। व्यापारियो का किसी प्रकार से उत्पीडन किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जायेगा। व्यापारियों ने तालियां पीटते हुये सरनाम सिंह यादव जिंदाबाद, समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाये। मीडिया प्रभारी राहुल राठौर ने सभी आगंतुकों का आभार जताया। इस दौरान युवा सपा नेता रिजवान अहमद छोटू टाइगर, विनोद चैधरी, प्रदीप मेडिकल, श्यामविहारी तीते गहोई, संजय मित्तल, राजेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, रामकुमार बिलैया, शंकरलाल डेंगरे, राममोहन राठौर, रामकुमार रेजा, कल्लू कनकने, रामकुमार तोस्वामी, दिनेश अग्रवाल, दीपक पंसारी, रामशरण अग्रवाल, मनीष रेजा, महावीर गुप्ता, रिंकू अग्रवाल, विनोद कठिल, बलराम डेंगरे सहित लगभग एक सैकड़ा व्यापारी उपस्थित थे।







Leave a comment