उरई। महर्षि बाल्मीकि की जयंती रविवार को पूरे जिले में धूमधाम के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय पर इस उपलक्ष्य में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें घोड़ों से जुती बग्घी में महर्षि के चित्र को विराजमान कर प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कराया गया।
बघौरा मोहल्ले में बाल्मीकि जयंती के अवसर पर सभा भी हुई जिसकी अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत राज अधिकारी कृपाराम बाल्मीकि ने की। पूर्व ईओ किशोरी बाल्मीकि व प्रयख्यात समाजसेवी भग्गूलाल बाल्मीकि ने इस अवसर पर समाज की युवा पीढ़ी से नशा सहित तमाम कुरीतियों को त्यागकर अपने मान-सम्मान को बढ़ाने के लिए समाज के पूर्वजों से प्रेरणा ग्रहण करने की अपील की।
भग्गूलाल बाल्मीकि ने कहा कि महर्षि बाल्मीकि अपने समय के महान विद्वान और कवि थे। जिसकी वजह से भगवान राम तक उनके लिए झुकते थे। उन्होंने कहा कि बाल्मीकि समाज ने अपनी विद्वुता से अतीत में जो सम्मान पाया है आज उसी स्थिति को बहाल करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बाल्मीकि भक्ति का मतलब है, ज्ञान की साधना। इसलिए आज के अवसर पर बाल्मीकि समाज की नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों की तरह खुद के ज्ञान का लोहा सारे समाज को मनवाने की कमर कस लेनी चाहिए।
रामपुरा में भी बाल्मीकि जयंती पर बाल्मीकि समाज के लोगों ने जोरदार शोभा यात्रा निकाली जिसको देखने पूरा कस्बा सड़कों पर उमड़ पड़ा।







Leave a comment