16orai01उरई। बसपा में प्रत्याशी बदले जाने की अटकलें चुनाव नजदीक आ जाने के बावजूद सरगर्म बनी हुई हैं। जिससे पार्टी का टैंपों प्रभावित हो रहा है। जिले की तीनों सीटों के प्रत्याशी इस मामले में अफवाहों के वायरस से पीड़ित बने हुए हैं। इस उठापटक के बीच महोबा के कददावर ब्राहमण नेता को जालौन जिले में आकर चुनाव लड़ने के लिए आमंत्रित कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक बृजलाल खाबरी के कांग्रेस में शामिल होने के बाद उक्त नेता भी इन समर्थकों द्वारा भरी गई हवा से फूलकर जालौन जिले के लिए जोर लगाने में जुट गये हैं।
ये नेता हैं महोबा से विधायक राजनारायण उर्फ रज्जू बुधौलिया जो हमीरपुर-महोबा से सांसद भी रह चुके हैं लेकिन समाजवादी पार्टी के टिकट पर वे लोकसभा के लिए चुने गये थे। जब हमीरपुर में एक अदने यादव कार्यकर्ता के मुकाबले सपा सरकार में उन्हें लगातार नीचा देखना पड़ा तो वे सपा का दामन छोड़कर बसपा में पहुंच गये। राजनीति की शुरूआत के समय उनका घनिष्ट जुड़ाव संघ और भाजपा में था इसलिए रज्जू बुधौलिया के इस अंचल में बहुमुखी संपर्क हैं और इन संपकों की पैठ जालौन जिले में भी है।
रज्जू बुधौलिया इस बार विधानसभा चुनाव की राजनीति से विश्राम लेकर संसदीय चुनाव के टिकट को पार्टी से पक्का कराने में लगे थे जबकि महोबा की विधानसभा सीट पर पार्टी से उनका आग्रह उनके भाई को टिकट देने को था लेकिन बसपा सुप्रीमों मायावती ने इस मामले में हरी झंडी नही दी जिससे वे इन दिनों उदास चल रहे थे।
लेकिन इस बीच जालौन जिले के कुछ बसपा नेताओं ने उनके पास पहुंचकर जालौन जिले की एक विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए उनका मन बनाने का अभियान चला दिया। पहले तो वे इस प्रस्ताव पर कान धरने को बहुत तैयार नही थे लेकिन बृजलाल खाबरी के कांग्रेस में चले जाने के बाद उनका मूड बदल गया है। सूत्र बताते हैं कि उन्होनंे बसपा सुप्रीमों के स्तर पर जालौन जिले में टिकट हासिल करने के लिए सीधा संपर्क साधा है। हालांकि उनका प्रस्ताव अभी सुप्रीमों के स्तर पर लंबित है लेकिन सूत्र बताते हैं कि उनको मना भी नही किया गया है। जिसकी वजह से उनके समर्थकों को यह प्रस्ताव मंजूर होने की आशा बंध गई है। इन चर्चाओं के चलते जालौन जिले में बसपा खेमें में हलचलें तेज हो गई हैं और कहीं उत्साह तो कहीं धुकपुकी का माहौल बना हुआ है।

Leave a comment