उरई। मंडलायुक्त के. राममोहन राव को इलाहाबाद बैंक की जिला परिषद शाखा में नोट एक्सचेंज और रुपये जमा कराने में अंधाधंुध भीड़ के कारण हो रही परेशानी से त्रस्त लोगों ने घेर लिया। हालांकि कमिश्नर के कूल-कूल संवाद से स्थिति तनावपूर्ण नही बन पाई। कमिश्नर ने लोगों की मुश्किलें दूर करने के लिए उन्हीं के सामने प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को मोबाइल पर निर्देश दिये जो कि भीड़ को शांत और संतुष्ट करने का कारगर नुस्खा साबित हुआ।
मतदाता पुनरीक्षण के विशेष अभियान में बूथ अफसरों की कारगुजारियों का जायजा लेने निकले कमिश्नर आज जिस समय विकास भवन स्थित बूथ पर पहुंचे उस समय सामने ही इलाहाबाद बैंक की जिला परिषद शाखा में लगी लोगों की क्यू में मारामारी की स्थिति बनी हुई थी। कमिश्नर को कुछ लोगों ने दूर से देखा तो वे क्यू छोड़कर उनकी तरफ दौड़ पड़े। भीड़ के अचानक इस धावे से कमिश्नर के साथ चल रहे अधिकारियों के होश फाख्ता हो गये। लेकिन वे हड़बड़ाहट में बल प्रयोग कराकर अप्रिय स्थिति पैदा न कर दें इसलिए खुद कमिश्नर ने भीड़ को संयमित करने का मोर्चा संभाला।
कमिश्नर ने धैर्य के साथ लोगों को अपनी बात कहने का मौका दिया। मंडलायुक्त की इस सूझबूझ से भीड़ गुस्सा भूलकर उन्हें अपनी तकलीफें बताने में लग गई। इसी बीच कमिश्नर ने सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी को मोबाइल पर काॅल कर लोगों के सामने ही उन्हें निर्देश दिये कि वे सभी बैंकों का निरीक्षण कर व्यवस्था ठीक करें और तेजी से बैंकर्स से काम करायें तांकि लोगों को परेशानी न हो। मंडलायुक्त की यह पहल आहत लोगों के लिए असरदार मलहम साबित हुई। बाद में अधिकारियों ने आनन-फानन में बैंकों का निरीक्षण भी पुलिस के भारी लावलश्कर के साथ किया। कमिश्नर की यह टिप लोगों को इस बात की सांत्वना भी दे सकी कि अचानक नोट बंदी से युद्धकालीन अस्त-व्यस्तता की जो स्थिति पैदा हुई है। उसे लेकर अधिकारी संवेदनशील हैं और व्यवस्था बनाये रखने के लिए पसीना बहा रहे हैं।
उधर जिला पंचायत बूथ पर फार्म नं. 6 और 7 भरवाने का होमवर्क न करने की वजह से लड़खड़ा रही आंगनवाड़ी कार्यकत्री सुनीता यादव, सुनीता देवी और गायत्री राठौर इन तीन बीएलओ का वेतन रोकने का आदेश जारी किया। इस दौरान कमिश्नर काफी देर तक बूथ अफसरों को समझाते रहे कि इन फार्मों को लेकर आने वालों से क्या-क्या जानकारी ली जानी है। उन्होंने बूथ अफसरों को ढंग से प्रशिक्षण न देने के लिए तहसीलदार रोहिताश कुमार को लताड़ा। जिलाधिकारी संदीप कौर भी कमिश्नर के साथ रहीं।






Leave a comment