उरई। युवक के अपहरण का मामला थाना क्षेत्र के सीमा विवाद में फस गया है। हालांकि इसके बावजूद ग्रामीणों की भीड़ के साथ कई थानों की पुलिस ने पतराही, बिलौहा, बहराई, छौना, आलमपुर आदि ग्रामों में सर्च आॅपरेशन चलाया। अभी तक युवक की कोई लोकेशन इसके बावजूद नही मिल पाई है।
लिटावली निवासी श्याम सिंह उर्फ लल्लू भदौरिया (22वर्ष) पुत्र सुरेंद्र सिंह भदौरिया मंगलवार की शाम बिलौहा से आटा पिसाकर घर आते समय गायब हो गया था। बाद में उसने अपनी बहन पूनम को फोन किया जिसमें बताया कि उसकी पकड़ हो गई है लेकिन इसके बाद कनेक्शन कट हो गया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिरौती के लिए उसका अपहरण हो चुका है।
लल्लू जिस लिटावली गांव का रहने वाला है वह रामपुरा थाना क्षेत्र की सीमा में आता है जबकि बिलौहा जहां से आते समय वह लापता हुआ वह गांव कुठौंद थाना क्षेत्र में है। इसलिए वारदात किस थाना क्षेत्र की मानी जाये यह रस्साकशी चल रही है। हालांकि अपहृत के दिल्ली में काम करने वाले बड़े भाई ने कुठौंद थाने में अपहरण की तहरीर दी जिसे अभी दर्ज नही किया गया है। श्याम सिंह की काले रंग की पल्सर गाड़ी जिस पर वह घटना के समय सवार था उसका नंबर भी दिल्ली का है।
अपहृत युवक की खोज के लिए जालौन और माधौगढ़ के क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में रामपुरा, माधौगढ़, कुठौंद, गोहन आदि थानों की पुलिस ने सैंकड़ों ग्रामीणों के साथ सघन काबिंग की। जिस समय काबिंग चल रही थी उसी समय श्याम सिंह के मोबाइल नंबर से एक काॅल उसके भाई के मोबाइल पर आई। लेकिन जब काॅल रिसीव की गई तो कोई आवाज आने की बजाय उसमें ऐसी आहटे सुनाई दे रही थी जैसे लोग कहीं चल रहे हों। जबकि रात में यह मोबाइल स्विच आॅफ हो गया था। उसका मोबाइल सर्विलांस पर लग गया है। इसके बावजूद काबिंग कर रहे पुलिस अधिकारियों को उसकी लोकेशन की मालूमात नही हो पाई।







Leave a comment