उरई। बहुप्रतीक्षित इंदौर से चलकर गुवाहाटी जाने वाली नई ट्रेन की शुरूआत ही बिगड़ गई। यह पहले ही दिन यहां दो घंटे से ज्यादा से देरी से आई। ज्यादा प्रचार प्रसार न होने के कारण इसमें यात्री भी ना के बराबर थे। हरी झंडी दिखाने के नाम भी औपचारिकता निभाई गई।
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की पहल पर इंदौर से गुवाहाटी के लिए एक नई ट्रेन शुरु की गई है। इस ट्रेन का बुंदेलखंड के ललितपुर, झांसी व उरई में स्टापेज दिया गया है। इसके उरई आने का समय रात दस बजकर 42 मिनट पर है। लेकिन पहले ही दिन यह ट्रेन दो घंटे से बारह बजकर 26 मिनट पर आई। चूंकि नई ट्रेन चली है, इसके लिए इलाकाई सांसद द्वारा हरी झंडी दिखाने की परंपरा है। इसके लिए भाजपा सांसद भानुप्रताप वर्मा को आमंत्रित किया गया था। हालांकि उनके स्वागत के लिए झांसी मंडल के एडीआरएम विनीत सिंह व डीसीएम नीरज भटनागर आ गए थे। पहले बताया गया कि सांसद जी पुष्पक से आ रहे हैं। उनके स्वागत के पुष्पगुच्छ लेकर अधिकारी खड़े हो गए। लेकिन जब सांसद श्री वर्मा पुष्पक से नहीं आए तो गाड़ी आने पर एडीआरएम विनीत सिंह ने ग्रीन सिज्नल दिखाने की औपचारिकता की। कुल मिलाकर नई ट्रेन के स्वागत के लिए कोई नहीं आया था। चुनिंदा रेल कर्मचारियों के अलावा स्टेशन पर कोई नहीं था। उरई स्टेशन पर नई ट्रेन का स्वागत समारोह बेहद फीका रहा।
मालगोदाम से दिखाया ग्रीन सिज्नल
उरई। करीब दो घंटे देरी से पहुंचने के कारण ट्रेन रात 12 बजकर मिनट पर 26 स्टेशन पहुंची थी। चूंकि रात ज्यादा हो गई थी। ड्राइवर ने भी प्लेटफार्म पर ठीक से गाड़ी खड़ी नहीं की थी। टे्रन का आधा हिस्सा मालगोदाम के पास रह गया था। लिहाजा मालगोदाम से ही एडीआरएम ने रात के समय हरी झंडी दिखाने की बजाय ग्रीन सिज्नल दिखाकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया।
सांसद के इंतजार में मुरझा गए फ्लावर बुके
उरई। इंदौर से चलकर गुवाहाटी के लिए साप्ताहिक ट्रेन का बीती रात सांसद भानुप्रताप वर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया जाना था। इसके लिए रेलवे के अधिकारी काफी समय पहले से आ गए थे। माननीय के स्वागत के लिए पांच खूबसूरत फ्लावर बुके भी अधिकारियों ने मंगा लिए थे लेकिन कई घंटे इंतजार के बाद जब सांसद पुष्पक ट्रेन से भी नहीं आए तो अधिकारी व कर्मचारी मायूस हो गए। जिसके चलते स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में रखे फ्लावर बुके सांसद भानुप्रताप वर्मा इंतजार में मुरझा गए।
इंदौर से चलकर गुुवाहाटी जाने वाली इस ट्रेन के इंदौर से देवास, उज्जैन, सुजालपुर, बैरागढ़, बीना,ललितपुर, झांसी, उरई, कानपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर,जौनपुर सिटी, बनारस, औनीहर, गाजीपुर, बलिया,छपरा, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खरगिया, मनसी,नौगचिया,कटिहार, किशनगंज, न्यूजलपाईगुड़ी,बिन्नागुड़ी, हाजीमारा, अलीपुरद्वार,कोकराझार, न्यू बोगईगांव, कामाख्या से होते हुए गुवाहाटी पहुंचेगी। 2278 किलोमीटर की तीन दिनों की इस यात्रा में यह टे्रन 34 स्टेशनों पर रुकेगी।






Leave a comment