कोंच-उरई । नगर के बीचोंबीच पालिका के किनारे अवस्थित ऐतिहासिक चंदेलकालीन सागर तालाब का बहुप्रतीक्षित सुंदरीकरण अब लगभग पूरा है और कल इस तालाब में नौका विहार सेवा की शुरुआत से इसका एक नया इतिहास लिखे जाने की कवायद चल रही है। पालिका की महत्वाकांक्षी इस योजना का पूरा रोडमैप तैयार कर लिया गया है। पालिका चेयरपर्सन विनीता सीरौठिया ने बताया है कि इस ऐतिहासिक पल के साक्षी जिलाधिकारी नरेन्द्रशंकर पांडे बतौर मुख्य अतिथि तथा विधायक माधौगढ-कोंच मूलचंद्र निरंजन बतौर बिशिष्टï अतिथि के रूप में मौजूद रह कर होंगे।


पिछले कई दशकों तक निकाय चुनाव का मुद्दा बने रहे सागर तालाब सुंदरीकरण को मौजूदा बोर्ड ने ऐसे पंख दिये कि यह मुद्दा ही अब खत्म हो गया। जितना संभव हो सकता था, पालिका ने इसका सुंदरीकरण करा दिया है जिसमें तालाब के चारों ओर की रेलिंग को ऊंचा किया जाना, तालाब में पड़े सभी नालों को बंद कराना, बल्दाऊ धर्मशाला की ओर काफी बड़ा प्लेटफॉर्म बनवाना, तालाब की खुदाई सफाई और पानी भरने के लिये नलकूप की स्थापना के साथ ही तालाब के ठीक बीचोंबीच अत्यंत आकर्षक फव्वारा भी स्थापित किया गया है जिसे रंगीन रोशनियों से सज्जित कर दिया गया है। रात में नजारा देखते ही बनता है। कुल मिला कर अब तालाब नागरिकों के लिये न सिर्फ आकर्षण का बल्कि पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित हुआ है। पालिका भी इसे आम जनता के लिये समर्पित कर रही है। कल 10 जुलाई को सायंकाल 7 बजे से तालाब के किनारे कई कार्यक्रमों की श्रृंखला आहूत की गई है जिसमें नगर के श्रेष्ठ विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक रीति से सागर की महाआरती एवं दीपदान कार्यक्रम प्रमुख हैं। खास बात यह है कि तालाब में नौका विहार सेवा शुरू करने से पूर्व तालाब का शुद्घीकरण भी किया जायेगा जिसके तहत सात पवित्र नदियों गंगा, यमुना, बेतवा, सरस्वती, मंदाकिनी, सरयू, नर्मदा के अलावा सभी तीर्थों के जल का जल (भरतकूप तथा आब-ए-जमजम) से सागर के जल को अभिसिंचित किया जायेगा। चेयरपर्सन ने नगर वासियों से भी अनुरोध किया है इस नये अध्याय के वे भी साक्षी बनें, खासतौर पर मातायें बहनें दीपदान कार्यक्रम के लिये बिशेष रूप से आमंत्रित की गई हैं। पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया ने बताया है कि वह पालिका के संयोजकत्व में इस कार्य की शुरुआत जरूर कर रहे हैं लेकिन वह धर्मादा रक्षिणी सभा से इस कार्यक्रम को गोद लेने का अनुरोध भी करेंगे ताकि हर बर्ष कल का दिन किसी उत्सव के साथ मनाया जाता रहे और इसमें समूचे नगर की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। इस दौरान ओमशंकर अग्रवाल, सभासद राघवेन्द्र तिवारी, महावीर यादव, अनुराग गुप्ता, फहीम काजी, नरेन्द्र मयंक, श्यामदास याज्ञिक, सुनील कुशवाहा, राजेन्द्र द्विवेदी, संजय सिंघाल, विमल याज्ञिक, मयंक गुप्ता, पप्पू चौधरी आदि मौजूद रहे।

इंसेट में-
क्या है तालाब का रोडमैप..?
इस ऐतिहासिक तालाब में नगर की जनता नौका विहार कर सकेगी। जैसा कि विदित हुआ है, इसमें कम से कम चार पैडल वोट डाली गई हैं और फिलहाल एक बड़ी वोट भी तालाब में है जबकि भबिष्य की रूपरेखा मेंकश्मीर की डल झील की तर्ज पर दो सज्जित शिकारों की भी व्यवस्था हो सकती है। वोटिंग का आनंद उठाने बालों की सुरक्षा के लिये गोताखोरों की टीम भी होगी, साथ ही तालाब में वोटिंग के लिये उतरेगा वह लाइफ जैकेट से लैस होगा। इतनी व्यवस्थाओं के अलावा तालाब के प्लेटफॉर्म पर सुसज्जित कैंटीन भी आकार लेगी ताकि तालाब शाम के समय किसी पिकनिक स्पॉट की तरह अपने परिवार के लोगों के साथ आनंद ले सकें।

Leave a comment

Recent posts