कोंच-उरई। बीती रात ग्राम तीतरा खलीलपुर में शराब ठेके के ताले चटकाने का प्रयास कर रहे चोरों को उस वक्त भागना पड़ा जब ठेके के सेल्समैन ने यूपी 100 को फोन मिला दिया और पास ही मौजूद डायल 100 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस द्वारा तकरीबन बारह किमी पीछा करने के बाद आखिर में सामने से ट्रक आ जाने के कारण चोरों को अपनी पिकप छोड़ कर भागना पड़ा। पिकप को कोतवाली में दाखिल कर दिया गया है और पिकप मालिक की नामजदगी करते हुये तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। मिली जानकारी के मुताबिक तीतरा खलीलपुर गांव में मेन रोड पर ही बैंक शाखा के पास शराब का ठेका है। बीती रात कतिपय अज्ञात चोर जो अपनी पिकप गाड़ी से आये थे, ठेके के ताले चटकाने का प्रयास कर रहे थे तभी सेल्समैन को आहट मिली और उसने चुपके से यूपी 100 को फोन मिला दिया। डायल 100 की गाड़ी संयोगवश आसपास ही थी सो तुरंत ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस की गाड़ी देख चोर पिकप से कोंच की ओर भागे तो डायल 100 ने उसका पीछा किया। इसी बीच डायल 100 ने कोतवाली पुलिस को भी सूचना दे दी तो कोंच से कोतवाली की गाड़ी ने भी चोरों की घेरेबंदी करनी शुरू कर दी। अपने को घिरता देख चोर नदीगांव रोड की ओर भागे और ग्राम भदेवरा के पास सामने से आ रहे ट्रकों की बजह से पिकप को निकलने का रास्ता नहीं मिला लिहाजा चोरों ने पिकप वहीं छोड़ दी और अंधेरे में गुम हो गये। कोतवाली पुलिस उक्त पिकप नं. यूपी 92 टी 7104 को कोतवाली ले आये और उसके मालिक करनसिंह पुत्र माताप्रसाद निवासी मुरली मनोहर जालौन तथा तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भादंवि की धारा 379, 511 में एफआईआर दर्ज कर दी है।

Leave a comment