कोंच-उरई। रवा गांव में शराब ठेका हटवाने को लेकर एमएलसी और एसडीएम आमने सामने आ गये हैं। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रवा जो कि निकाय क्षेत्र से एमएलसी रमा निरंजन का गांव है और ठेके को लेकर ग्रामीण उबाल पर हैं, में स्थापित शराब ठेका हटवाने के लिये एमएलसी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है लेकिन प्रशासन का समुचित सपोर्ट नहीं मिलने के कारण ठेका हटना तो दूर की बात, जांच अधिकारियों द्वारा की जाने वाली जांच पर ही एमएलसी से सवालिया निशान खड़े कर दिये हैं। एमएलसी ने जिलाधिकारी को भेजे स्मरण पत्र में कोंच एसडीएम सुरेश सोनी की जांच पर ही सवाल खड़े करते हुये उनके ऊपर ठेकेदार की तरफदारी करने तक का आरोप जड़ डाला है। इधर, एमएलसी प्रतिनिधि ने तो यहां तक ऐलान कर दिया है कि यदि ठेका नहीं हटाया जाता है तो वह स्वयं धरने पर बैठ जायेंगे। उन्होंने इस मामले को शासन तक पहुंचा दिया है। गौरतलब है कि एमएलसी रमा निरंजन के गांव रवा में शराब ठेका स्थापित है जिसके कारण गांव में अराजकता का माहौल है। इस ठेके को हटवाने को लेकर पूरा गांव जहां लामबंद है वहीं एमएलसी रमा और उनके प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने इस ठेके को हटवाना अपनी नाक का सवाल बना लिया है। उन्होंने शासन से लेकर प्रशासन में बैठे अधिकारियों तक इस बाबत लिखापढी की है। पिछले दिनों जिला मुख्यालय पर भी उन्होंने मीडिया से बात करते हुये यहां तक कह दिया था कि अगर शराब ठेका नहीं हटता है तो वह खुद धरने पर बैठ जायेंगे लेकिन ठेका तो वह हटवा कर ही रहेंगे क्योंकि इस ठेके के कारण कई परिवार बरबाद हो रहे हैं और नई पीढी बिगड़ रही है। उनकी इन शिकायतों पर कोंच एसडीएम सुरेश सोनी कई दफा गांव में जाकर जांच भी कर आये हैं लेकिन एमएलसी प्रतिनिधि का आरोप है कि उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट ही अभी तक नहीं भेजी है। आरपी ने एक और स्मरण पत्र जिलाधिकारी को दिया है जिसमें उन्होंने खुला आरोप लगाया है कि एसडीएम जांच करने जाते भी हैं तो ठेकेदार की तरफदारी में जाते हैं। वे पहले भी यह बात मीडिया के सामने कह चुके हैं कि उन्हें एसडीएम पर कतई भरोसा नहीं है। जिलाधिकारी से उन्होंने मांग की है कि एसडीएम के अलावा वह किसी से भी गोपनीय ढंग से इसकी जांच करायें। इस बाबत एसडीएम सोनी का कहना है कि सीओ साहब फिलवक्त मौजूद नहीं हैं, उनके आने पर जांच रिपोर्ट डीएम महोदय को भेज दी जायेगी।







Leave a comment