उरई। बारिश में सर्प दंश की घटनाएं बढ़ रहीं हैं। जबकि सरकार और चिकित्सा प्रशासन अभी तक इसके शिकार लोगों के जीवनदान के लिए बनाये गये इजेंक्शन को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने में सक्षम नही हो पाया है। सोमवार की रात कोंच में इसी के चलते एक बालिका ने सांप के डसने के बाद अस्पताल पहुंचा दिये जाने के बावजूद प्राण गवां दिये। कोंच कस्बे के मोहल्ला गांधी नगर में बीती रात कल्लू अहिरवार की तेरह वर्षीया पुत्री नेन्सी घर का काम कर रही थी। इस दौरान कपड़ो में छुपे बैठे सांप ने उसे डस लिया। उसके चीखने-चिल्लाने के बाद परिवार के सदस्य जब दौड़े तो उसकी हालत देखकर माजरा समझ में आ जाने पर वे उसे आनन-फानन सरकारी अस्पताल ले गये। लेकिन सर्प दंश के जहर को निर्मूल करने की वैक्सीन अस्पताल में न मिल पाने की वजह से बालिका का बचाया जाना संभव नही हो सका।

Leave a comment