उरई। 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन दिवस पर समाजवादी पार्टी द्वारा प्रदेश व्यापी आवाहन के तहत ग्रीन गार्डन गेस्ट हाउस में केंद्र और प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरुद्ध क्रांति दिवस के बैनर तले सभा का आयोजन किया जायेगा। यह जानकारी देते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह दादी ने बताया कि इस सभा को संबोधित करने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रतिनिधि के रूप में सांसद विशम्भर निषाद सभा में शामिल होगें। उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराध, महिलाओं पर अत्याचार और कर्जमाफी के नाम पर किसानों के साथ छलावे आदि मुददों को लेकर सभा में जन जागरण किया जायेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सभा में पहुंचने का आवाहन किया। उधर क्रय-विक्रय समिति कोंच के अध्यक्ष हरिश्चंद्र तिवारी व समाजवादी पार्टी के कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह पटेल चमरसेना ने कहा कि समाजवादी पार्टी संघर्षों के जरिये फलने-फूलने वाली पार्टी हैं इसलिए केंद्र और प्रदेश की दमनकारी सरकारें उसे अपना जौहर दिखाने का भरपूर अवसर दे रहीं हैं। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को उरई में ग्रीन गार्डन गेस्ट हाउस में आयोजित पार्टी का कार्यक्रम समाजवादी पार्टी की जुझारू शक्ति के मेघा शो के रूप में सफल बनाने की जरूरत है।

Leave a comment