कोंच-उरई । राज्य सरकार द्वारा किसानों को दी गई ऋण माफी के तहत सोमवार को  तीसरे चरण के लिये समारोह आयोजित कर फसल ऋण मोचन के प्रमाण पत्र बांटे गये। क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देते हुये केन्द्र की मोदी और राज्य की योगी सरकारों को किसानों की हितैषी सरकारें बताते हुये कहा कि दोनों सरकारें किसानों की दशा सुधारने के लिये काम कर रहीं हैं और किसानों को सामने रख कर ही योजनायें बनाई जा रहीं हैं। तीसरे चरण में कुल 1939 किसानों को ऋण माफी मिली है जिनमें आज के समारोह में 397 किसानों को ऋण मोचन योजना के प्रमाण पत्र बांटे गये, शेष को लेखपाल घरों तक पहुंचाने का काम करेंगे।

 

 

यहां गल्ला मंडी में समारोह का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता विधायक मूलचंद्र निरंजन ने की, उन्होंने कहा कि किसानों की फसलें तबाह होने की स्थिति में प्रधान मंत्री किसान बीमा योजना उक्त किसान के नुकसान का क्लेम भरेगा लिहाजा किसान बीमा जरूर करा लें। कार्यक्रम को एसडीएम सुरेश सोनी, सांसद प्रतिनिधि अनुरुद्घ मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी राममिलन सिंह परिहार आदि ने भी संबोधित किया। तहसीलदार भूपाल सिंह ने आभार जताया। संचालन संजय सिंघाल ने किया। भाजपा विस क्षेत्र के विस्तारक शैलेन्द्रसिंह, विनोदसिंह गुर्जर, सुनीलकांत तिवारी, प्रदीप गुप्ता, सुनील शर्मा, संजय प्रधान चंदुर्रा, प्रेमनारायण वर्मा आदि मंचस्थ रहे। इसके बाद ऋण मोचन प्रमाण पत्रों के वितरण का सिलसिला शुरू हुआ, तहसीलदार भूपाल सिंह की देखरेख में तहसील के कर्मचारियों ने सभा मंडप में मौजूद लाभार्थी किसानों को प्रमाण पत्र वितरित कराये गये। इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती का आह्वïान दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान रवीन्द्रकुमार शुक्ला, नवीन दीक्षित, अशोक कुमार, योगेश सोनी, मुलायम सिंह, नरेन्द्रसिंह आदि व्यवस्थाओं में लगे रहे।

 

Leave a comment