उरई। रामपुरा क्षेत्र के टीहर में सोमवार को दोपहर में अज्ञात चोरों ने दिन दहाड़े दो घरों को निशाना बनाकर खाकी के इकबाल की चूलें हिला दीं।
उक्त ग्राम में दोपहर लगभग 12 बजे चोर 2 सूने घरों में घुस गए। कृष्णा देवी पत्नी स्व0 रामसिया राठौर आठ बजे ही खेतों के लिए निकल गईं थीं। उनके अलावा कोई और भी घर पर नहीं था, जिससे घर में ताला पड़ा था। जब वे घर वापस लौटीं तो कमरे का ताला टूटा था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। नतीजतन सदमें के कारण वे बेहाल हो गईं। बाद में उन्होंने पड़ताल की तो बक्से में रखे बकरा बेचने से मिले 15 हजार रुपए नगद और सोने के बाले एवं चांदी की तोडि़यों पर चोर हाथ साफ कर चुके थे। उधर राज कुमार दोहरे भी अपना घर बंद करके मजदूरी के लिए निकल गया था। उसके घर में भैंस बेचने से मिली 40 हजार की नगद रकम बक्से में रखी थी। लौटकर आया तो घर और बक्से के ताले टूटे मिले, साथ ही पूरी रकम गायब हो चुकी थी। दोनों घटनाओं की जानकारी रामपुरा पुलिस को दे दी गई है।

Leave a comment