
कोंच-उरई । जिले के अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने शुक्रवार को कोतवाली में अधीनस्थों की क्लास लगाई और अपराधों पर रोकथाम के लिये आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने सर्किल में सबसे खराब प्रदर्शन करने बाले थानों को कड़ी चेतावनी देते हुये कहा कि लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निपटारा कर उन्हें सामान्य लेबिल पर लायें वरना दंड भुगतने के लिये तैयार रहें, खासतौर पर कोंच कोतवाली में लंबित विवेचनाओं की सीमा से अधिक संख्या पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। आसन्न निकाय चुनाव को लेकर भी उन्होंने जरूरी निर्देश दिये।
शुक्रवार को एएसपी सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने कोतवाली कोंच में सर्किल के सभी चारों थानों कोतवाली कोंच, थाना कैलिया, थाना नदीगांव और थाना एट के थानेदारों और थाना प्रभारियों की कक्षा लगाई तथा उन्हें क्राइम कंट्रोल की घुट्टी पिलाते हुये विंदुवार अपराधों की समीक्षा की। सभी थानों में औसत से अधिक पैंडेंसी पर एएसपी ने गहरी नाराजगी जताई और शीघ्र ही इनका निपटान करने के कड़े निर्देश दिये। कोतवाली कोंच में सबसे अधिक लंबित विवेचनाओं पर कड़ी फटकार लगाई जबकि थाना कैलिया थाना में सबसे कम पैंडेंसी पर उन्होंने पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि पुलिस का सबसे पहला काम है अनुशासित ढंग से रह कर अपना काम करना है। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर पैनी नजर रख कर वे अपराधों पर कारगर ढंग से नियंत्रण रख सकते हैं। उन्होंने बीट, गश्त और पिकेट के महत्व के बारे बताते हुये उन्हें बताया कि किस प्रकार बीट बुक में दर्ज सूचनाओं के माध्यम से वे अपराधियों पर कारगर ढंग से अंकुश लगा सकते हैं। उन्होंने गश्त और पिकेट पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई। निकट भबिष्य में होने बाले निकाय चुनाव को लेकर भी उन्होंने जरूरी दिशा निर्देश दिये। इस दौरान सीओ कोंच रुक्मिणी वर्मा, कोतवाल संतोषकुमार सिंह, एसएसआई मनोजकुमार सिंह, दरोगा सुरेन्द्र सिंह, अरविंद कुमार, एसओ नदीगांव रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी, एसआई कैलिया नरेशसिंह पाल, सुदीश कुमार, वारेलाल आजाद, एट से एसओ चंद्रशेखर दुवे, मिथलेश कुमार, विजयप्रताप सिंह, शिवकरन वर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।






Leave a comment