कोंच-उरई । अखंड भारत के निर्माता और स्वाधीन भारत के पहले गृहमंत्री रहे सरदार बल्लभ भाई पटेल की 142वीं जयंती पर यहां विभिन्न संस्थानों ने कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावसिक्त श्रद्घाप्रसून समर्पित करते हुये उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके अलावा आज ही पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का निर्वाण दिवस होने के नाते कांग्रेसियों ने उन्हें लौह महिला का संबोधन देकर याद किया। यहां सरोजिनी नायडू पार्क में उनकी प्रतिमा और शहीद स्मारक पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्घांजलि दी। इधर, तहसील सभागार में भी पटेल जयंती पर अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्घांजलि अर्पित की। नगर पालिका में राष्टï्रीय एकता दिवस के रूप में पटेल जयंती मनाई गई और कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई।

सरोजिनी नायडू पार्क में कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रभुदयाल गौतम की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसियों ने सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई जिसमें उन्होंने वहां स्थित पटेल की प्रतिमा पर वैदिक रीति से पूजन अर्चन करके उन्हें माल्यार्पण किया, तत्पश्चात् वहां अवस्थित शहीद स्मारक में सोई हुतात्माओं को भी श्रद्घासुमन समर्पित किये गये। इस मौके पर वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व को विशालतम बताते हुये कहा कि आज हम जिस अखंड भारत में बैठ कर अपने देश को विकसित देशों की पांत में शामिल करने के लिये अग्रसर हो रहे हैं उसके निर्माण का श्रेय सरदार पटेल को जाता है, क्योंकि जब हमारा देश अंग्रेजी दासत्व से मुक्त हुआ तब इस भारत देश में सैकड़ों स्वतंत्र रियासतें थीं जो अपना अलग अस्तित्व बनाये रखना चाहती थी लेकिन सरदार पटेल ने कुछ को समझा बुझा कर तो कुछ पर बल प्रयोग करके एक भारत गणराज्य की छत के नीचे लाने का भगीरथ कार्य किया। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री और आयरन लेडी स्व. इंदिरा गांधी को उनकी 33वीं पुण्य तिथि पर याद करते हुये कांग्रेसियों ने उन्हें लौह महिला के खिताब से नवाजा।

 

उन्होंने कहा कि इंदिराजी ने भारत को विश्व पटल पर पहचान दिलाई जिसके चलते आज भारत विश्व के किसी भी विकसित देश से प्रतिस्पर्धा करने की स्थिति में है।इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष प्रभूदयाल गौतम, अखिल वैद, लालप्रताप सिंह, नवलकिशोर जाटव, श्रीनारायण दीक्षित, अमित रावत, हाजी मोहम्मद अहमद, राघवेन्द्र तिवारी, जाहिद काजी, अबरार अहमद, सुनील कुमार, अजय बरार, हाजी सेठ नसरुल्ला सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। तहसील सभागार में आयोजित गोष्ठी में एसडीएम सुरेश सोनी व तहसीलदार भूपाल सिंह ने सरदार के व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुये उन्हें महामानव की संज्ञा दी। इस दौरान आरके अशोक कुमार, अमीन निर्भय यादव, रवीन्द्र शुक्ला, अतुल शर्मा, नवीन दीक्षित, लेखपाल प्रेमनारायण मिश्रा, नरेन्द्रसिंह, रामकुमार, नायब नाजिर अयाजउद्दीन, योगेश सोनी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave a comment