कोंच-उरई । तहसील क्षेत्र के ग्राम पहाडग़ांव में दलित बस्ती की वाटर सप्लाई बुरी तरह बाधित होने के कारण गरीबों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके यहां जल संयोजन काफी पहले से हैं लेकिन कई महीनों से किन्हीं तकनीकी खामियों की बजह से जलापूर्ति बाधित है। कई बार उन्होंने जल संस्थान विभाग में शिकायत भी की लेकिन सुनने को कोई राजी ही नहीं है।

मंगलवार को ग्राम पहाडग़ांव के भगवती प्रसाद, श्यामलाल, ब्रजभूषण, धर्मेन्द्र, विक्रांत, ठाकुरदास, रामदास, प्रेमनारायण वर्मा, प्रकाश, राकेश, अतुलकुमार, रामकुमार सहित डेढ दर्जन लोगों ने आज एसडीएम सुरेश सोनी को ज्ञापन देकर अपनी व्यथा बताई कि महीनों से उनके घरों तक नलों का पानी नहीं पहुंच रहा है और संपूर्ण समाधान दिवस से लेकर सामान्य शिकायत भी की गई लेकिन विभागीय अधिकारी सुनने को राजी नहीं हैं जिससे उनके दर्जनों घरों में भीषण जल संकट की स्थिति है। एसडीएम ने जलकल के अवर अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिये हैं।

Leave a comment