उरई। सरकार की मंशा की परवाह न करते हुए विभागों द्वारा किसानों की उपेक्षा की जा रही है जिसका ताजा नमूना आटा में सामने आया। आटा में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नलकूप संख्या 195 पिछले कई दिनों से खराब है। जिसकी वजह से सैकड़ों बीघा जमीन में पलेवा नही हो पा रहा। फिर भी नलकूप विभाग के अवर अभियंता उक्त नलकूप सुधरवाने के लिए ठोस कदम उठाने का तत्पर नही हैं।
सुनील तिवारी, अनिल तिवारी, वीपी तिवारी, सुरेश, कृपाल पांचाल और नलकूप चालक गोपाल दास ने बताया कि 25 दिन पहले मुख्य अभियंता ने इस नलकूप के निरीक्षण के समय पलेवा के पहले इसका तकनीकी दोष दूर कराने के निर्देश अवर अभियंता अमित कुमार को दिये थे। लेकिन उन्होंने मुख्य अभियंता की हिदायत पर भी गौर नही किया। नलकूप अभी भी ठप्प है जिससे किसान पलेवा न कर पाने के कारण बुरी तरह परेशान है।
इस बारे में नलकूप प्रखंड द्वितीय के अधिशाषी अभियंता विनोद कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मुझे नलकूप खराब होने की जानकारी है और उन्होंने अधीनस्थों को निर्देश भी दे दिये है कि वे अविलंब उक्त नलकूप चालू करायें। उन्होंने कहा कि जल्द ही नलकूप ठीक हो जायेगा।

Leave a comment