
उरई | लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक करने के लिए शुक्रवार को यातायात माह का पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
उरई के कालपी स्टैंड के समीप यातायात माह का पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने शुभारंभ करते हुए कहा कि जरा सी जल्दबाजी एवं असावधानी बड़ी दुर्घटनाओं की कारण बनती है जिसमें व्यक्ति को जान से भी हाथ धोना पड़ता है। इसलिए बिना वैध ड्राईविंग लाईसेंस के मोटर साइकिल, स्कूटर या मोपेड न चलाए। व्यस्त यातायात वाली सड़कों पर कभी भी वाहन चलाना न सीखे। यातायात नियमों को अपनाकर अपना सुरक्षा कवच बनाए। हमेशा आईएसआई मार्का हेलमेट का प्रयोग करे। यातायात सुरक्षा के नियमों का पालन कर खुद और दूसरों को बचाए। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि गाड़ी हमेशा सीमित गति से चलाए, खराब मौसम में गाड़ी चलाते समय देखने की क्षमता कम हो जाती और सड़क फिसलने वाली हो जाती है ऐसे में मुड़ते समय, लाइन बदलते समय रूकते समय इंडीकेटर के अतिरिक्त हाथ का भी संकेत करे जिससे दूसरे सड़क का प्रयोग करने वाले संकेत को समझ सके। सीओ यातायात संतोष कुमार ने कहा कि अपने वाहन को सुरक्षित दूरी पर चलाए, विद्यालय एवं अस्पताल के पास वाहन धीरे चलाए और हार्न का प्रयोग न करे। कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक रामगुलाम, यातायात प्रभारी शिवप्रताप सिंह चौहान, समाजसेवी इंजी. अजय इटौरिया, युद्धवीर कंथरिया, आशीष सेठ आदि तमाम लोग मौजूद रहे।







Leave a comment