उरई। नगर निकाय चुनाव के लिए उरई में शुक्रवार को किसी दलीय प्रत्याशी ने पहली बार नामाकन दाखिल किया। बसपा द्वारा घोषित प्रत्याशी मु. रहीश ने पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि के साथ सादगी से रिटर्निंग अधिकारी वाणिज्य कर उपायुक्त संजीव सिंह के सामने पर्चा दाखिल किया।
खास बात यह रही कि आज बसपा के टिकट के दावेदारों में अवधेश निरंजन, सुरेश सिंह गौर और नारायण हरि अवस्थी ने पर्चे खरीद कर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया। इसके साथ ही युवा पत्रकार संजय गुप्ता ने भी आज पर्चा खरीद लिया जिससे चुनावी माहौल का रोमांच बढ़ गया है। उरई में एक और पर्चा मुन्नी देवी ने भरा। उधर कोटरा नगर पंचायत में महेंद्र प्रताप सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
कोटरा में सपा के घोषित प्रत्याशी मेजर सूबेदार मधुसूदन सिंह और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पातीराम ने अध्यक्ष पद के पर्चे खरीदे। उरई में वार्ड सदस्यों के 74 और कोटरा में 18 पर्चे बिके। उरई में वार्डो के लिए 16 पर्चे भरे गयेे।

Leave a comment