कोंच-उरई । तीन दिन पूर्व कोंच आईटीआई में स्कूल के एक शिक्षक संदीप विश्वकर्मा द्वारा तीन छात्रों को बंधक बना कर की गई पिटाई मामले में जब शिक्षक के खिलाफ मारपीट के साथ एससीएसटी एक्ट में एफआईआर दर्ज हुई तो आईटीआई प्रशासन बौखला गया और उसने बिना किसी कारण के स्कूल की छुट्टी कर दी और सारा स्टाफ नदारत हो गया। इस एफआईआर के बाद अब आईटीआई प्रशासन छात्रों को अरदब में लेने की कोशिश में है और उन तीनों छात्रों को सोमवार को उरई तलब किया है। यहां दिलचस्प यह भी है कि स्कूल प्रशासन ने गेट पर एक सूचना चस्पा कर कि अपरिहार्य कारणों के चलते 2 से 5 नबंवर तक स्कूल बंद रहेगा, अकारण ही स्कूल बंद कर दिया है जिससे छात्रों में रोष व्याप्त है।

शिक्षा के मंदिर में छात्र नहीं बल्कि टीचर अराजकता के पर्याय बनते जा रहे हैं। गुजरी 1 नबंवर को यहां आईटीआई के तीन छात्रों मोहित वर्मा पुत्र कैलाश वर्मा, रमेश वर्मा पुत्र प्रकाश अशोक वर्मा पुत्र नंदकुमार जो टर्नर ट्रेड द्वितीय बर्ष के छात्र हैं, को टीचर संदीप विश्वकर्मा द्वारा कमरे में बंधक बना कर लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा गया था जिससे छात्रों के शरीर पर काफी चोटें आईं थीं और जिसके गहरे घाव अभी भी छात्रों की पीठ पर हैं। बताते हैं कि मौके पर पहुंची पुलिस को भी उक्त टीचर ने हड़का डाला था और स्कूल का गेट भी बंद कर पुलिस को वहां नहीं घुसने दिया गया था तब सिपाही ने बाउंड़ी फांद कर किसी तरह गेट खुलवाया तथा टीचर व तीनों छात्रों को कोतवाली ले आई थी। हालांकि मामला सुलटाने का देर शाम तक प्रयास किया गया लेकिन अंतत: पुलिस को मामला दर्ज करना पड़ा था। एफआईआर दर्ज होने के बाद आईटीआई प्रशासन में जबर्दस्त बौखलाहट है। यही कारण है कि अब स्कूल प्रशासन छात्रों को उनका भबिष्य खराब करने की धमकी देकर अरदब में लेने की कोशिश में है। इधर बिना किसी कारण के स्कूल को 5 नबंवर तक के लिये बंद कर दिया गया है और पूरा स्टाफ नदारत है। आज छात्रों ने बताया है कि तीनों छात्रों को उरई तलब किया गया है जिसके पीछे स्कूल प्रशासन की मंशा ठीक नहीं लग रही है। बहरहाल, मामला अब तूल पकडऩे लगा है और छात्रों में स्कूल प्रशासन के प्रति गुस्सा है क्योंकि उनकी प्रयोगात्मक परीक्षायें सिर पर हैं। छात्र जिलाधिकारी से मिल कर अपनी व्यथा उन्हें बताने की तैयारी में हैं।

आईटीआई पहुंची सीओ, लिये छात्रों के बयान

 

आईटीआई स्कूल में तीन छात्रों मोहित वर्मा पुत्र कैलाश वर्मा, रमेश वर्मा पुत्र प्रकाश अशोक वर्मा पुत्र नंदकुमार की पिटाई मामले में शिक्षक संदीप विश्वकर्मा के खिलाफ मारपीट तथा एससीएसटी एक्ट में दर्ज हुये मामले की जांच सीओ कोंच रुक्मिणी वर्मा के पास है। आज सीओ अपने स्टाफ के साथ आईटीआई स्कूल पहुंची लेकिन स्कूल उन्हें बंद मिला और चौकीदार को छोड़ सारा स्टाफ वहां से नदारत मिला। सीओ ने फोन करके तीनों छात्रों को स्कूल में बुलाया और उसी कमरे में ले गईं जहां उनके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था। सीओ ने तीनों छात्रों से बारी बारी उस दिन के घटनाक्रम के बारे में पूछा और उनके बयान दर्ज किये हैं।

Leave a comment