
कोंच-उरई । श्री नवलकिशोर रामलीला समिति बजरिया द्वारा संचालित रामलीला में बीती रात्रि लंका दहन लीला का रोमांचक मंचन रंगकर्मियों द्वारा किया गया। इस लीला में हनुमान की वीरगाथा का वर्णन किया गया और रावण के बलाबल की थाह पाने के लिये हनुमान ने अशोक वाटिका में उत्पात मचा कर राक्षसों का संहार किया। हनुमान और रावण के बीच गर्मागर्म संवादों का आनंद दर्शकों ने उठाया। एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन बरिष्ठ सपा नेता सरनाम सिंह यादव, पारस वर्मा भी लीला मंचन के दौरान वहां पहुंचे और प्रभु श्रीराम का दर्शन लाभ उठाया। आरपी ने कहा कि राम भारतीय संस्कृति के संवाहक हैं और उन्होंने समता समानता और समतामूलक समाज की स्थापना को बल प्रदान किया।
हनुमान समुद्र लांघ कर लंका जाते हैं और वहां सीता से भेंट करते हैं। अशोक वाटिका में रावण और मंदोदरी का प्रवेश और रावण द्वारा सीता को त्रास दिये जाने के जीवंत प्रसंग देख दर्शक वाह वाह कर उठे। यहां सीता और रावण के बीच गर्मागर्म बहस का भी आनंद दर्शकों ने उठाया। रावण तनय अक्षयकुमार का बध कर मेघनाद द्वारा ब्रह्मï पाश में बंदी बन कर रावण के दरबार में प्रस्तुत होते हैं जहां रावण हनुमान की पूंछ में आग लगाने का आदेश देता है और हनुमान स्वर्णलंका में आग लगा कर उसे भस्म कर देते हैं और लंका से बापिस लौट कर सारा वृत्तांत भगवान राम को सुना कर सीता के साथ हुई भेंट के बाबत बताते हैं। हनुमान की भूमिका हरीमोहन तिवारी, रावण चंदनसिंह यादव, मेघनाद शिवाकांत तिवारी, अक्षयकुमार मोनू ठाकुर, मंदोदरी सूरज शर्मा, सुग्रीव अरविंद पाटकार, अंगद अनिल अग्रवाल, बिभीषण कमलेश राठौर, जामवंत रामसहाय गुप्ता, लंकिनी राजेन्द्र बेधड़क ने निभाये। कल 5 नबंवर को लक्ष्मण शक्ति व मेघनाद बध लीला का मंचन किया जायेगा।







Leave a comment