
उरई । रविवार को भी नगर निकाय चुनाव के लिए पर्चे भरने का क्रम जारी रहा । उरई नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए आज 10 पर्चे भरे गए जिनमें सपा और बसपा के अलावा ओवेसी की पार्टी ए आइ एम आइ एम के उम्मेदवार भी शामिल हैं । बसपा उम्मीदवार ने तामझाम के साथ पर्चा भरा जबकि सपा उम्मीदवार का विधिवत नामांकन सोमवार को अंतिम दिन होगा ।
इन्होने किया नामांकन – ज्ञानेंद्र निरंजन ( सपा ) , रईस खान ( बसपा ) , मोहम्मद आरिफ़ (ए आइ एम आइ एम ), अजय निरंजन , मोती देवी , इन्द्र्जीत आइ जे , अजय पाल सिंह , साबिर मंसूरी ( लोकदल ) , प्रमोद कुमार ( गौरव महाराज ) ।
आज भाजपा के कद्दावर बागी नेताओं डॉ दिलीप गुप्ता और अनिल बहुगुणा ने पर्चे खरीद कर चुनाव का रोमांच और बढ़ा दिया है ।
कोटरा नगर पंचायत- कोटरा नगर पंचायत के लिए तीन नामांकन पत्र दाखिल किए गए । सपा के बागी नेता उमा वल्लभ शाण्डिल्य इनमें शामिल है । उमावल्लभ को ही पहले सपा ने उम्मीदवार घोषित किया था लेकिन स्थानीय नेताओं के विरोध की वजह से बाद में उम्मीदवारी बदल दी गई तो उमावल्लभ बागी हो गए । कोटरा ब्राह्मणों का मजबूत गढ़ है लेकिन किसी प्रमुख दल ने यहाँ ब्राह्मण प्रत्याशी नहीं उतारा है जिससे उमावल्लभ के हौंसले बुलंद हैं । उनके अलावा आम आदमी पार्टी से भूपेन्द्र कुमार और निर्दल राजेश यादव ने भी पर्चे भरे ।
उरई में 34 वार्ड में 84 और कोटरा में 10 वार्ड में 11 लोगों ने रविवार को पर्चे भरे ।
मुस्लिम प्रत्याशियों की बाढ़ – भाजपा की सरकार से असुरक्षा महसूस कर रहे मुस्लिम समुदाय के बारे में अनुमान था कि उम्मीदवारी का मोह छोड़ कर वे शुरू से भाजपा को हराने में सक्षम किसी एक प्रत्याशी के पक्ष में लामबंद होंगे । बसपा से मुस्लिम प्रत्याशी की घोषणा के बाद लामबंदी की अटकलें और बुलंद हो गई थी लेकिन इस समुदाय से उम्मीदवारों की भरमार ने ध्रुवीकरण की राजनीति को पलीता लगा दिया है । उधर ए आइ एम आइ एम के मुसलमान युवाओं में आकर्षण को देखते हुए बसपा के मुस्लिम कार्ड को झटका महसूस किया जा रहा है ।
विजय चौधरी ने दिया अटकलों को विराम – प्रत्याशी चयन में न चलने की वजह से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और अभी तक लोकसभा के बसपा से घोषित उम्मीदवार विजय चौधरी के नगर निकाय चुनाव में कोप भवन में जा बैठने के अनुमान का भी पटाक्षेप हो गया । विजय चौधरी पार्टी प्रत्याशी रईस के नामांकन जुलूस में पूरे उत्साह से शरीक हुए । जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र शिरोमणि , पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी और पूर्व कैबिनेट मंत्री अकबर अली ने भी जुलूस में रह कर उम्मीदवार का हौंसला बढ़ाया ।







Leave a comment