
उरई| निकाय चुनाव के लिये कोंच तहसील में सोमवार को आखिरी दिन नामांकन की होड़ लगी रही । प्रत्याशी ढोल नगाड़ों के साथ अपने समर्थकों का हुजूम ले कर नामांकन कराने के लिये पहुंचे। कोंच नगर पालिका और नदीगांव नगर पंचायत में अध्यक्ष व वार्ड सदस्यों के लिए अंतिम दिन बड़ी संख्या में नामांकन हुए । नदीगांव में वार्ड सं. 7 में एकमात्र नामांकन चंद्रपाल सिंह का आने के चलते उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन कराने पार्टी के राष्ट्रीय नेता पूर्व सांसद ब्रजलाल खाबरी भी वहां पहुंचे थे।
निकाय चुनाव में नामांकन का आज आखिरी दिन होने के कारण चुनाव लडऩे बाले प्रत्याशियों की तहसील में अच्छी खासी भीड़ जमा हुई। हालांकि दलीय प्रत्याशियों के अलावा कतिपय बागी प्रत्याशियों ने भी अपने अपने जुलूस निकाल कर एक तरह से शक्ति प्रदर्शन किया, लेकिन भारत माता मंदिर के पास लगी पुलिस बैरीकेटिंग से आगे जाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण भीड़ अंदर नहीं घुस सकी। भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रेमनारायण वर्मा ने विधायक मूलचंद्र निरंजन व अन्य सांगठनिक लोगों के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। सपा के पारस वर्मा भी जुलूस लेकर पार्टी नेता सरनामसिंह यादव व पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी धीरेन्द्र यादव आदि के साथ नामांकन का दूसरा सेट दाखिल करने पहुंचे। सपा के बागी प्रत्याशी अनिल वर्मा ने भी शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना दूसरा सेट दाखिल किया। कांग्रेस की प्रत्याशी डॉ. सरिता वर्मा हालांकि कल ही अपना नामांकन दाखिल कर गईं थीं लेकिन आज तामझाम के साथ उन्होंने दूसरा सेट पार्टी के राष्ट्रीय नेता पूर्व सांसद ब्रजलाल खाबरी के साथ जाकर दाखिल किया। इसी के साथ छोटेलाल, गौरीशंकर वर्मा, विद्यादेवी अहिरवार, कु. वंदना वर्मा व हरीमोहन ने भी अपने नामांकन बतौर निर्दलीय प्रत्याशी दाखिल किये। कोंच में अध्यक्ष पद के अब तक कुल 19 नामांकन भरे गये हैं।
उधर, नगर पंचायत नदीगांव में अध्यक्ष पद के लिये आये नामांकन सहित कुल प्रत्याशियों की संख्या 7 हो गई है। कांग्रेस के खयाली प्रसाद, बसपा के लोटनराम, सपा से रोशन तथा भाजपा से दशरथ प्रत्याशी हैं। इनके अलावा भानुप्रकाश, हरीमोहन, चंद्रप्रकाश आदि अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं। नदीगांव विभिन्न वार्डों से सभासदी के लिये भी प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किये हैं। जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर तथा एसपी अमरेन्द्र प्रसाद सिंह ने भी नामांकन का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिये। एसडीएम सुरेश सोनी, सीओ रुक्मिणी वर्मा, तहसीलदार भूपाल सिंह, कोतवाल संतोषकुमार सिंह, एसएसआई मनोजकुमार सिंह आदि भी मौजूद रहे।







Leave a comment