
उरई । नगर निकाय चुनाव के अंतिम दिन दिग्गजों द्वारा जुलूस के साथ पर्चा भरने की होड़ के चलते सोमवार को शहर में यातायात कई घंटे अस्तव्यस्त रहा । अंतिम दिन 18 लोगों ने पर्चे भरे जिनमें से कई अतिरिक्त सेट भरने आए थे । इसके पहले अभी तक 14 पर्चे भरे गए थे । इस तरह उरई में अध्यक्ष पद के 34 पर्चे भरे गए हैं ।

किस –किस ने भरे पर्चे – अवधेश निरंजन , विनोद शिवहरे , आशीष चतुर्वेदी ( कांग्रेस ) , ज्ञानेंद्र निरंजन ( सपा ), कृपा शंकर द्विवेदी बच्चू महाराज , अजय पाल सिंह , अनिल बहुगुणा , पवंकान्त , साबिर मंसूरी ( रालोद ), लालमन , अजय निरंजन , दीन दयाल काका ( आम आदमी पार्टी ), कमलेश , छत्रपाल , भागवती देवी , दिलीप दुबे ( बी जे पी ) और डॉ दिलीप गुप्ता ।

बागियों की भरमार – पर्चा भरने वालों में बागियों की भरमार होने से दलों के अधिकृत प्रत्याशियों को पसीने छूट रहे हैं । बसपा के बागी अवधेश निरंजन के साथ पार्टी के 2 और चर्चित नेता नारायण हरीअवस्थी व सुरेश गौर पर्चा भरवाने के लिए आए । भाजपा के बागियों में अनिल बहुगुणा और अजय पाल चौहान ने नामांकन जुलूस में भीड़ जुटाने के लिए पूरी ताकत लगा दी । अनिल बहुगुणा को कामयाब बनाने के लिए शहर का पूरा वैश्य समाज अपनी नाक का सवाल बनाये नजर आया । जाने माने व्यापारी नेता डॉ दिलीप गुप्ता ने हालांकि खुद भी पर्चा भरा लेकिन बहुगुणा के डमी के रूप में ।

भाजपा उम्मीदवार के साथ एकजुटता दिखाने के लिए सांसद भानुप्रताप वर्मा और विधायक गौरीशंकर वर्मा भी जुलूस के साथ चले । ज्ञानेंद्र सिंह निरंजन के जुलूस में सपा के सारे प्रमुख नेता , उनके पिता और जनता दल यू के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुरेश निरंजन भैया जी भी रहे । उनका जुलूस वाया बजरिया गुजरा जहाँ अल्पसंख्यक समुदाय से मिला गर्मजोशी भरा समर्थन उनके लिए टानिक साबित हुआ । आशीष चतुर्वेदी के जुलूस में पूर्व सांसद और हैवीवेट नेता ब्रजलाल खाबरी ने भी भागीदारी की ।








Leave a comment