कोंच-उरई । खलिहान की जमीन पर गोशाला निर्माण की शुरुआत करने जा रहे लोगों को ग्रामीणों के रोष का सामना करना पड़ा है और ग्रामीणों के साथ गांव की महिलायें भी सड़कों पर आ गईं जिसके चलते निर्माण करा रहे लोगों को अपने पैर पीछे खींचने पड़े। इस भूमि पर कुछ दिन पहले ही विधायक मूलचंद्र निरंजन ने गोशाला निर्माण के लिये भूमि पूजन किया था और विधायक निधि से धन निर्गत किया जाना था। मामला ग्राम लौना का है।

एक ओर प्रदेश सरकार गरीब किसानों के हित में अन्ना पशुओं से परेशान किसानों को गौशाला निर्माण की सौगात देती नजर आ रही है और लाखों रुपये पानी की तरह बहा रही है, वहीं दूसरी तरफ किसानों की मानें तो किसानों के अरमानों पर पानी फेरा जा रहा है। ऐसा ही मामला कोंच तहसील के ग्राम लौना में देखने को मिला है जहां ग्राम रकबा नंबर 353 में सवा छह बीघा के खलिहान हैं और कई बर्षों से ग्रामीण किसान खेती बाड़ी से जुड़े काम करते चले आ रहे हैं। जो गरीब किसानों के लिए एक मात्र स्थान है। उक्त भूमि पर कुछ दिन पहले इलाकाई विधायक मूलचंद्र निरंजन ने गोशाला निर्माण के लिये भूमि पूजन किया था और बीते कल गोशाला निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन ग्रामीणों और महिलाओं का हजूम वहां आया और नारेबाजी करते हुये उक्त निर्माण का विरोध किया। हंगामे की सूचना पर खेड़ा चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार भी पहुंच गये थे और किसी तरह समझा बुझा कर मामला शांत कराया। इसी के साथ फिलवक्त निर्माण कार्य भी रोक दिया गया है। किसानों का आरोप है कि खलिहानों में विधायक निधि से गोशाला का निर्माण हो जाने से किसानों को काफी दिक्कतें होंगी लिहाजा वे उक्त जमीन पर गोशाला नहीं बनने देंगे।

Leave a comment