कोंच। बीती देर रात नदीगांव पुलिस ने गश्त के दौरान यूपी एमपी बॉर्डर के नजदीक एक मारुति वैन से 26 पेटी शराब बरामद की है। शराब एमपी की बताई जा रही है और उसका उपयोग चुनाव दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। इसी के साथ पुलिस ने तीन अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है जिनमें से दो के पास से तमंचे बरामद हुये हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक एसओ नदीगांव रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी, एसआई घनश्यामसिंह यादव अपनी पुलिस फोर्स के सिपाहियों मानवेन्द्रसिंह, प्रकाश नारायण, हतेन्द्रसिंह तथा विपिन पाल के साथ मध्य प्रदेश की सीमा की ओर गश्त कर थे। रात में लगभग पौने दो बजे उन्हें खजरी मोड़ पर एक मारुति वैन नं. यूपी 92 व्ही 6375 आती दिखी। उसे रोक कर जब तलाशी ली गई तो उसमें मध्यप्रदेश की 26 पेटी शराब यानी 1300 क्वार्टर बरामद हुये। इसी के साथ दो अभियुक्तों के पास से दो तमंचे 315 बोर तथा दो जिंदा कारतूस भी बरामद किये। पकड़े गये अभियुक्तों के नाम सुनीलकुमार पुत्र अरविंद यादव निवासी परासनी थाना नदीगांव, भगवानदास पुत्र गयाप्रसाद निवासी परासनी तथा अजानसिंह पुत्र रामप्रकाश निवासी गिदवासा बताये गये हैं। सभी के खिलाफ 60/72 आबकारी एक्ट तथा सुनील व अजान के खिलाफ 3/25 आम्र्स एक्ट भी आयद किया गया है। वैन को भी सीज किया गया है।

Leave a comment