कोंच। योगी सरकार आते ही जमीनों पर से अबैध कब्जे हटवाने को लेकर चलाये जा रहे एंटी भूमाफिया अभियान के तहत गुरुवार को उरई से आई टीम ने तहसील क्षेत्र के ग्राम चंदुर्रा में खलिहान की जमीन पर अबैध कब्जे में गहन नापजोख करके माना कि दो सगे लेखपाल भाई इस जमीन पर दसियों साल से कब्जा किये हैं। टीम ने बताया है कि वह अपनी रिपोर्ट डीएम को देंगे इसके बाद उनके ही स्तर से कार्यवाही होगी।

कोंच तहसील में तैनात लेखपाल सुरेश खरे जो पहले ग्राम चंदुर्रा के ही लेखपाल थे, ने 30 अक्टूवर 2017 को जिलाधिकारी जालौन से लेकर शासन स्तर तक शिकायत की थी कि गांव के दो सगे लेखपाल भाई खलिहान की जमीन नंबर 331 रकवा 0.709 हेक्टेयर पर पिछले कई सालों से अबैध रूप से कब्जा किये हैं। उक्त शिकायत पर संज्ञान लेकर डीएम ने उरई में ही एक टीम गठित की जिसमें कानूनगो माताप्रसाद यादव, लेखपाल विजयसिंह विश्वकर्मा, ओमप्रकाश द्विवेदी तथा दुर्गाप्रसाद शामिल हैं, को नापजोख के लिये आज ग्राम चंदुर्रा भेजा। लगभग चार घंटे की मशक्कत में उन्होंने जो पैमाइश की उसके आधार पर टीम ने माना कि शिकायत सही है और दोनों भाई सरकारी जमीन पर कब्जा किये हैं। टीम हैड राजस्व निरीक्षक ने कहा है कि वह अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेंगे, इसके बाद उन्हीं के स्तर से आगे की कार्यवाही की जायेगी। यहां गौरतलब यह भी है कि उक्त शिकायत कर्ता लेखपाल को कतिपय जनप्रतिनिधि ने हस्तक्षेप करके सर्किल से ही हटवा दिया गया है और नया सर्किल पिरौना अलॉट किया गया है। यानी मामला राजनैतिक स्तर पर भी सुर्खियों में है।

 

Leave a comment