उरई । देशी शराब का नशा बढ़ाने के लिए यूरिया मिला कर बिक्री की जाने के खुलासे ने जिले की पुलिस के कान किसी दिन जहरीला शराब कांड होने की आशंका के मद्दे नजर खड़े कर दिये हैं ।

नगर निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बढ़ी हुई है । इस चौकसी से अवैध और तस्करी की शराब के भूमिगत कारोबार के चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं । कोटरा थाने के कारथरा गाँव में  मारुति कार से नकली शराब ढो रहे 2 लोगों को जब पकड़ा गया तो पुलिस उनकी करतूत जानकार दंग रह गई । ये लोग देशी शराब के क्वार्टर खोल कर नशे को और झन्नाटेदार बनाने के लिए उसमें यूरिक खाद मिला देते थे जबकि इसके बाद शराब जहरीला असर कर सकती थी ।

अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार तिवारी  ने बताया कि कार  मालिक धर्मेन्द्र और एक अन्य तस्कर अशोक निवासी गण बम्होरी कारवाई के दौरान भाग निकले । पकड़े गए सतीश चंद्र वर्मा और और उसके बेटे राघवेंद्र वर्मा निवासी मुहल्ला राजेन्द्र नगर से 12 पेटी शराब , 786 बिना लेबिल के क्वार्टर ,नकली होलोग्राम  , लगभग एक हजार ढक्कन और 2 किलो यूरिया बरामद हुई । इनकी मारुति कार भी जब्त  कर ली गई है । उधर अपर पुलिस अधीक्षक ने डकोर थाने के मुहाना गाँव से चर्चित शराब माफिया वीर सिंह और उसके साथियों धन प्रसाद व राजेन्द्र सिंह के पास से  50 पेटी अवैध शराब के साथ नकली रैपर, होलोग्राम आदि का बड़ा जखीरा बरामद होने की जानकारी दी ।

Leave a comment